प्लॉट बेचने की आड़ में 12 लाख ठगे, आरएसएस का बड़ा कार्यकर्ता बता फंसाने की दी धमकी
प्लॉट बेचने की आड़ में 12 लाख रुपये ठगने का आरोप है। पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जागरण संवाददाता, करनाल : प्लॉट बेचने की आड़ में 12 लाख रुपये ठगने का आरोप है। पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। गांव पिचौलिया वासी सविता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पति के साथ शिव कालोनी में प्लाट देखने गई तो वहां मुज्जफरनगर निवासी इलियास मिला। उसने बताया कि उसका शमशेर सिंह के साथ एक प्लॉट है, जिसे वे खरीद सकते हैं। उन्हें सीएचडी सिटी में बुलाया जहां एक व्यक्ति मिला और उसने खुद को क्लास वन ऑफिसर होने का दावा किया। उसने कहा कि उसका प्लॉट है और अधिकारी होने के चलते वह अपने नाम नहीं करा सका। जो प्लॉट ये दिखाएंगे, वह सही है। उन्हें शास्त्री नगर में प्लाट दिखाया, जो 12 लाख रुपये में तय हुआ। यह राशि दो बार में उनसे ले ली गई तो कुछ कागजात भी उन्हें दिए। इसके काफी समय के बाद वे नीवं भरने के लिए बजरी, रेत आदि लेकर गए तो वहां एक व्यक्ति मिला, जिसने बताया कि प्लॉट उसने लिया है और असल मालिक गांव कथूरा, गोहाना वासी वीरेंद्र है। उन्हें ठगी होने का एहसास हुआ तो वे इलिया व शमशेर सिंह के पास गए, जहां उन्होंने पहचानने से भी इन्कार कर दिया। बार-बार पैसे मांगने पर उनके एक कर्मी ने कहा कि उसका बॉस आरएसएस का बड़ा कार्यकर्ता है और नेताओं से भी रसूख है। उन्हें परेशान किया तो खुद फंस जाओगे। इसके बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप