तनाव मुक्ति की राह दिखाता राजयोग
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के सेक्टर सात स्थित सेवा केंद्र में महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में आध्यात्मिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में मेयर रेणु बाला गुप्ता ने शिरकत की।
जागरण संवाददाता, करनाल : प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के सेक्टर सात स्थित सेवा केंद्र में महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में आध्यात्मिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में मेयर रेणु बाला गुप्ता ने शिरकत की। मेयर ने कहा कि ब्रह्माकुमारी से उन्हें जीवन में हर समय अच्छा और नया करने की प्रेरणा मिलती है। कार्यक्रम अध्यक्ष केबी पंडित ने कहा कि यहां पहली बार आया हूं, लेकिन मुझे अच्छी अनुभूति हो रही है। ब्रह्माकुमारी बहनें समाज को अध्यात्म की नई दिशा दिखाकर सुख शांति व सच्चे परत्मात्मा प्यार की अनुभूति करवा रही है। सम्मानीय अतिथि निफा चेयरमैन प्रितपाल सिंह पन्नू ने कहा कि धर्म तो एक है हम केवल वस्त्रों को देखकर धर्म की पहचान करते हैं। वास्तविक धर्म तो आत्मा का है वो पवित्रता और शांति हैं।
प्रिसिपल वैज्ञानिक डॉ. अवतार सिंह ने कहा कि खुदा खुद आ कर हमें सब ज्ञान बता रहा है। पूर्व वाइस चांसलर राधे श्याम शर्मा ने कहा कि आज हर व्यक्ति तनाव में है। उसका हल इस विद्यालय में राजयोग सीखकर मिल सकता है। ब्रह्माकुमारी प्रेम दीदी ने कहा कि शिवरात्रि का अर्थ है, ज्ञान सूर्य परमात्मा निरंकार शिव जब कलियुग अंत सतयुग आदि के पुरुषोत्तम संगम युग पर इस धरती पर अवतरित होते हैं, तब चारों ओर फैले हुए पापाचार, भ्रष्टाचार, दुराचार, अत्याचार व अज्ञानता के घोर अंधकार को समाप्त कर सृष्टि पर सतयुग स्वर्ग समराज्य की स्थापना करते हैं। अभिनेता कर्ण राजदान ने कहा कि उन्होंने शिव परमात्मा पर एक फिल्म बनाई है, जिसमें हम अपनी हिदू संस्कृति से अच्छी तरह से रूबरू हो पाएंगे। सम्मेलन में शिखा बहन ने सबका स्वागत किया। बीके संगीता ने आभार व्यक्त किया। रेणु बहन ने मंच संचालन किया। शिव ध्वज फहराया गया। शिवबाबा के जन्मदिन पर खुशी में केक काटा गया। इस अवसर पर केके चावला, अशोक महेंद्रू, अनिरुद्ध कालरा, ओएन मलिक, एनके बत्तरा, ज्ञान सरदाना, राधे श्याम शर्मा, रितेश विज, जेआर कालड़ा, रूप नारायण चानना, दिनेश गुलाटी, डॉ. डीडी शर्मा, विनोद कालरा, सुरेश गोयल, अश्विनी महाजन, हरिकृष्ण नारंग आदि मौजूद रहे।