रन फॉर वोट में दौड़ेगा शहर आज
रेडियो सिटी 91.9 एफएम का वोटोत्सव अभियान चरम की ओर आगे बढ़ रहा है। अब जिला प्रशासन के साथ मिलकर मतदाता जागरूकता अभियान चलाएगा।
जागरण संवाददाता, करनाल : रेडियो सिटी 91.9 एफएम का वोटोत्सव अभियान चरम की ओर आगे बढ़ रहा है। अब जिला प्रशासन के साथ मिलकर मतदाता जागरूकता को लेकर 5 मई को सुबह छह बजे कर्ण स्टेडियम से रन फॉर वोट का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में दैनिक जागरण भी सहयोगी है। दैनिक जागरण की ओर से हर वोट कुछ कहता अभियान चलाया जा रहा है। जिसके साथ पाठक जुड़कर मतदान प्रतिशत को बढ़ाने का संकल्प ले रहे हैं। इस आयोजन में भाग लेने के लिए लोगों में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है।
रेडियो सिटी के अभियान वोटोत्सव के साथ श्रोता पूरी तरह से जुड़ चुके हैं। श्रोता संकल्प ले रहे हैं कि वह खुद वोट करने के साथ ही दूसरों को वोट डालने के लिए प्रेरित करेंगे। पांच मई को उपायुक्त विनय प्रताप सिंह व एडीसी अनीश यादव हाफ मैराथन को रवाना करेंगे। प्रशासन ने रेडियो सिटी की ओर से मतदाता जागरूकता को लेकर किए जा रहे प्रयासों को सराहा है।
रेडियो सिटी के आरजे रॉकी व आरजे अमन लोगों को जागरूक कर रहे हैं। रेडियो सिटी 91.9 लगातार पिछले 12 सालों से श्रोताओं को सामाजिक सरोकारों के साथ जोड़ने का काम कर रहा है तो साथ ही समय समय पर अलग अलग मुद्दों पर जागरूक भी करता है। इसी कड़ी में मतदाता जागरूकता अभियान को वोटोत्सव के तहत मनाया जा रहा है। रेडियो सिटी के प्रयासों को देखते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाता जागरूकता अभियान के लिए ऑफिसियल रेडियो पार्टनर के तौर पर रेडियो सिटी को चुना है। आरजे रॉकी और अमन को मतदान जागरूकता ब्रांड एम्बेसडर के रूप में नियुक्त किया गया है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप