नवंबर में अभी तक नहीं लौटी पिछले साल जैसी ठिठुरन, क्यों नरम हैं सर्दी के तेवर? कब से शुरू होगी कड़ाके की शीतलहर
करनाल समेत पूरे हरियाणा में इस नवंबर सर्दी के तेवर नरम रहे हैं, दिन में धूप खिलने से तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ की कमी और साफ आसमान इसके मुख्य कारण हैं।
-1795554066596_m.webp)
नवंबर में अभी तक नहीं लौटी पिछले साल जैसी ठिठुरन। फाइल फोटो
HighLights
इस नवंबर करनाल में सर्दी की रफ्तार रही धीमी।
पश्चिमी विक्षोभ की सुस्ती और धूप मुख्य कारण।
दिसंबर में पहाड़ों पर बर्फबारी से बढ़ेगी ठंड।
जागरण संवाददाता, करनाल। नवंबर विदाई की ओर है, लेकिन करनाल समेत पूरे हरियाणा के मैदानी इलाकों में इस बार सर्दी के तेवर पिछले वर्ष के मुकाबले काफी नरम बने हुए हैं। जहां बीते वर्ष नवंबर में समय से पहले ही कड़ाके की ठंड और दिन भर की सिहरन ने लोगों को भारी ऊनी कपड़ों में कैद कर दिया था।
वहीं इस साल दिन के समय खिल रही तेज धूप ने तापमान को ऊपर बनाए रखा है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, हिमालयी क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के अभाव और शुष्क मौसम के कारण तापमान में अपेक्षित गिरावट दर्ज नहीं हो पा रही है।
बीते वर्ष के मुकाबले इस बार के मौसम को समझिये
मौसम विभाग के आंकड़ों पर नजर डालें तो नवंबर 2025 को पिछले पांच वर्षों (2020 के बाद) का सबसे ठंडा नवंबर माना गया था। पिछले साल नवंबर के पहले ही सप्ताह में करनाल के अधिकतम तापमान में 5.4 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी एकदिनी गिरावट दर्ज की गई थी, जिससे दिन में भी ठिठुरन बनी रहती थी।
इसके विपरीत, मौजूदा नवंबर 2026 में मौसम पूरी तरह स्थिर और शुष्क बना हुआ है। मंगलवार को करनाल में अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री के सामान्य स्तर पर टिका हुआ है। सुबह और रात की हल्की ठंडक को छोड़ दें तो दिन में धूप की तपिश के कारण बाजारों और सड़कों पर लोग अभी भी हल्के गर्म कपड़ों में ही नजर आ रहे हैं।
ठंड कम रहने के तीन प्रमुख कारण
मौसम के जानकार डा. डीएस बुंदेला इसके पीछे तीन मुख्य वायुमंडलीय कारण मानते हैं।
1. पश्चिमी विक्षोभ की सुस्ती
उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड की शुरुआत पहाड़ों पर होने वाली बर्फबारी से होती है। इस बार हिमालयी क्षेत्र में अभी तक कोई मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं हुआ है, जिससे मैदानी इलाकों की ओर आने वाली हवाओं में बर्फीली चुभन गायब है।
2. साफ आसमान और तेज धूप
पूरे महीने आसमान साफ रहने और बारिश या बादलों की आवाजाही न होने से दिन के समय सूरज की किरणें सीधे जमीन पर पड़ रही हैं, जिससे अधिकतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।
3. हवाओं की धीमी गति
पिछले साल की तुलना में इस बार ठंडी उत्तरी-पश्चिमी हवाओं का प्रवाह कमजोर है, जिससे रात की ठंडक दिन के तापमान को नीचे खींचने में नाकाम रही है।
दिसंबर के पहले सप्ताह से बदलेगा मौसम का मिजाज
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 30 नवंबर तक करनाल और आसपास के जिलों में मौसम मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 9 से 10 डिग्री और अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा।
हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि दिसंबर की शुरुआत में पहाड़ों पर संभावित बर्फबारी के बाद प्रदेश में शीतलहर और धुंध का असर तेजी से बढ़ेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।