यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 13, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
कबड्डी प्रतियोगिता में रिदम वैली स्कूल मोहड़ी की टीम ने प्राप्त की ट्राफी
शनिवार को आनंद पब्लिक स्कूल निगदू में प्रथम इंटर स्कूल कबड्डी प्रतियोगिता अंडर-19 का आयोजन किया गया। जिसमें आसपास के स्कूलों की टीमों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

संवाद सूत्र, निगदू : शनिवार को आनंद पब्लिक स्कूल निगदू में प्रथम इंटर स्कूल कबड्डी प्रतियोगिता अंडर-19 का आयोजन किया गया। जिसमें आसपास के स्कूलों की टीमों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। जिसमें विद्यालय टीम के अतिरिक्त परशुराम सीनियर सेकेंडरी स्कूल निगदू, आर्य विद्यापीठ सीनियर सेकेंडरी स्कूल जांबा, नेहरू सीनियर सेकेंडरी स्कूल हैबतपुर, जेएन विद्या व्रत शिक्षण संस्थान रायसन, रिदम वैली पब्लिक स्कूल मोहड़ी जागीर व आर्यकुलम पब्लिक स्कूल कोयर की टीमों ने भाग लिया। कबड्डी प्रतियोगिता में सात स्कूलों की टीमों के बीच हुए मुकाबले में चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंची। जिसमें आंनद पब्लिक स्कूल निगदू की टीम ने नेहरू पब्लिक स्कूल हैबतपुर की टीम से विजय प्राप्त की, तो वहीं रिदम वैली पब्लिक स्कूल मोहडी की टीम जेएन विद्याव्रत रायसन की टीम से विजय प्राप्त कर फाइनल में शामिल हुई। फाइनल कबड्डी प्रतियोगिता रिदम वैली स्कूल व आंनद पब्लिक स्कूल के बीच खेला गया। जिसमें बड़ा ही रोमांचक देखने को मिला। फाइनल प्रतियोगिता में रिदम वैली स्कूल मोहड़ी-जागीर की टीम ने विजय प्राप्त की। विजेता व द्वितीय स्थान पर रही टीम के खिलाड़ियों को आनंद एजुकेशनल सोसाइटी निगदू की ओर से मैडल व ट्राफी दे उनका हौसला अफजाई करते हुए पुरस्कृत किया गया। आनंद एजुकेशन सोसाइटी के चेयरमैन सुभाष चंद डोडा ने सभी प्रतिभागी स्कूलों के प्रधानाचार्य और प्रबंधकों का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें भी स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि स्कूलों के प्रयासों से ही विद्यालय द्वारा आयोजित करवाई गई इंटर स्कूल कबड्डी प्रतियोगिता का सफल आयोजन संभव हो सका। सभी खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। विद्यालय द्वारा इस प्रकार इंटर स्कूल कबड्डी प्रतियोगिता का यह पहला प्रयास था जोकि सभी स्कूलों की भागीदारी से सफल साबित हुआ और उन्होंने सभी विद्यालय प्रधानाचार्यो और प्रबंधकों से निवेदन किया कि वें भी अपने-अपने विद्यालयों में इसी तरह की इंटर स्कूल खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करवाएं क्योंकि इससे आपसी प्रेम, भाईचारा और सहयोग की भावना का संचार होता है। उन्होंने विशेष रूप से विद्यालय पीटीआइ सावन टाया और प्राध्यापक संजीव कुमार को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी और सभी स्टाफ सदस्यों का धन्यवाद किया। इस मौके पर स्कूल डायरेक्टर गीतांजलि, प्रिसीपल विजय अरोड़ा, परशुराम सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रधानाचार्य दिनेश शर्मा, भगत सिंह पब्लिक स्कूल निगदू के प्रधानाचार्य मेहर सिंह, नेहरू स्कूल हैबतपुर के प्रधानाचार्य सूबे सिंह आर्य, स्कूल के अध्यापक जितेंद्र सिंह रायसन आदि उपस्थित रहे।
