मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्श जीवन से लें प्रेरणा
निर्मल समाज वेलफेयर सोसाइटी के सदस्यों ने फूसगढ़ स्थित एमडीडी बाल भवन अनाथ आश्रम में बच्चों के साथ दीपावली की खुशियां साझा की।
जागरण संवाददाता, करनाल
निर्मल समाज वेलफेयर सोसाइटी के सदस्यों ने फूसगढ़ स्थित एमडीडी बाल भवन अनाथ आश्रम में बच्चों के साथ दीपावली की खुशियां साझा की। संस्था सदस्यों ने बच्चों को मिठाई और स्टेशनरी उपहार स्वरूप भेंट की। सदस्यों ने एमडीडी बाल भवन में बच्चों को दी जा रही सुविधाओं पर संतोष जताया। संस्था अध्यक्ष शिक्षाविद निर्मल दहिया ने दीपावली पर सबकी खुशहाली की कामना की। उन्होंने बच्चों को बताया कि भगवान श्रीराम 14 वर्ष का वनवास काटकर कार्तिक की अमावस्या को अयोध्या लौटे थे। उसी दिन उनका राजतिलक हुआ था। भगवान श्रीराम का आदर्श जीवन हमेशा प्रेरणामयी बना रहेगा। उन्हें मर्यादा पुरुषोत्तम इसलिए कहा जाता है, क्योंकि उन्होंने कभी मर्यादाओं का उल्लंघन नहीं किया। उन्हें भरत के लिए आदर्श भाई, हनुमान के लिए स्वामी, प्रजा के लिए नीति कुशल और न्यायप्रिय राजा, सुग्रीव और केवट के परममित्र और सेना के साथ चलने वाले व्यक्ति के रूप में पहचाना जाता है। संस्था संदेश देती है कि दीपावली पर आतिशबाजी ना करें और पर्यावरण की हिफाजत करते हुए घी के दीप जलाएं। इस मौके पर एडवोकेट अनुज चौहान, रविद्र रतन, ज्योति आनंद और सुरेश डाबर मौजूद रहे।