'एसएचई' प्राथमिकता से होगा प्रदेश का विकास : मनोहर
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि पांच वर्षो में एसएचई यानि सिक्योरिटी हेल्थ और एजुकेशन पर अधिक बल देकर प्रदेश का विकास किया जाएगा।
जागरण संवाददाता, करनाल : मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि पांच वर्षो में एसएचई यानि सिक्योरिटी, हेल्थ और एजुकेशन पर अधिक बल देकर प्रदेश का विकास किया जाएगा। सिक्योरिटी में किसानों को केंद्र सरकार की किसान सम्मान निधि से अलग एक वर्ष में छह हजार रुपये पेंशन देंगे। प्रदेश के श्रमिकों को 60 साल की आयु पूरी होने पर 3 हजार रूपये मासिक पेंशन देंगे, इसका प्रीमियम हरियाणा सरकार अदा करेगी। हेल्थ में आयुष्मान भारत योजना के तहत अधिक से अधिक वेलनेस सेंटर खोले जाएंगे। जबकि शिक्षा में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम को और अधिक प्रभावशाली ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा। प्रदेश में सरकार की नीतियों के चलते अब एक हजार लड़कों के पीछे लड़कियों की संख्या 933 हो गई है। करीब 40 हजार बेटियों को गर्भ में हत्या से बचाया गया है।
सीएम ने करनाल की अनाज मंडी में भाजपा के अभिनंदन समारोह में विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में युवाओं का भविष्य सुरक्षित हो गया है, उन्हें योग्यता के आधार पर बिना किसी सिफारिश या रिश्वत के नौकरियां दी जा रही है। युवाओं की तरह देश के सैनिक, महिला, खिलाड़ी और किसानों के हित के लिए अनेक योजनाएं लागू की गई है। प्रदेश के 104 गांवों में नहरी पानी पर आधारित पेयजल योजनाओं पर काम चल रहा है। वर्ष 2022 तक सभी आवासहीन लोगों को मकान दिए जाएंगे। लोकसभा चुनाव के परिणामों को देखते हुए आज प्रदेश में विपक्ष नाम की कोई चीज नहीं दिखाई देती है, लेकिन लोकतंत्र के अखाड़े में विपक्ष के रूप में सामने वाला भी होना चाहिए।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप