यमुना में डूबे बच्चे का 24 घंटे बाद सुराग नहीं, सर्च अभियान जारी
लालुपुरा यमुना घाट पर नहाते वक्त यमुना में डूबे बच्चे का 24 घंटे बाद भी सुराग नहीं लग पाया है। गोताखोर व ग्रामीण मोटरबोट के जरिये यमुना में बच्चे की तलाश कर रहे हैं लेकिन बच्चा नहीं मिला है। गौरतलब है कि बुधवार को दोपहर बाद अराईपुरा गांव का 12 वर्षीय मोनू अपने तीन साथियों के साथ लालुपुरा घाट पर यमुना में नहाने के लिए गया था लेकिन किसी कारणवश वह यमुना में डूब गया।
संवाद सहयोगी, घरौंडा : लालुपुरा यमुना घाट पर नहाते वक्त यमुना में डूबे बच्चे का 24 घंटे बाद भी सुराग नहीं लग पाया है। गोताखोर व ग्रामीण मोटरबोट के जरिये यमुना में बच्चे की तलाश कर रहे हैं, लेकिन बच्चा नहीं मिला है। गौरतलब है कि बुधवार को दोपहर बाद अराईपुरा गांव का 12 वर्षीय मोनू अपने तीन साथियों के साथ लालुपुरा घाट पर यमुना में नहाने के लिए गया था लेकिन किसी कारणवश वह यमुना में डूब गया। साथियों के शोर मचाने पर मौके पर ग्रामीण एकत्रित हो गए। विधायक हरविद्र कल्याण, तहसीलदार रमेश अरोड़ा, थाना प्रभारी मनोज कुमार मौके पर पहुंच गए थे। गोताखोरों ने यमुना के कई किलोमीटर हिस्से को मोटरबोट से नाप दिया, लेकिन फिर भी बच्चे का कोई सुराग नहीं लगा। वीरवार की सुबह प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देश पर एक बार फिर यमुना में बच्चे की तलाश शुरू की गई, लेकिन कई घंटों तक खाक छानने के बाद भी बच्चा नहीं मिला। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि मोटरबोट के जरिये गोताखोर बच्चे की तलाश कर रहे है।