करनाल में बिजली बिल वसूलने पहुंचे जेई को सरपंच ने दी धमकी, 3 पर केस
करनाल के छापर गांव में बिजली बिल वसूलने गई बिजली निगम की टीम के साथ सरपंच और ग्रामीणों ने गाली-गलौज व हाथापाई की।
-1795879839706_m.webp)
बिजली बिल वसूलने पहुंचे जेई को सरपंच ने दी धमकी।
HighLights
छापर गांव में बिजली बिल वसूली पर टीम से हाथापाई हुई
सरपंच श्याम सिंह और दो अन्य पर पुलिस ने मामला दर्ज किया
कर्मचारियों को सरकारी काम रोकने और जान से मारने की धमकी दी
जागरण संवाददाता, करनाल। गांव छापर में बिजली बिल की बकाया राशि वसूलने पहुंची बिजली निगम की टीम के साथ गाली-गलौज और हाथापाई करने का मामला सामने आया है।
निगम के जेई संदीप की शिकायत पर पुलिस ने गांव के सरपंच श्याम सिंह, अजमेर सिंह और करनैल के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि आरोपितों ने कर्मचारियों को सरकारी काम करने से रोका और दोबारा गांव में आने पर जान से मारने की धमकी दी।
जेई संदीप के अनुसार, 26 नवंबर को सुबह करीब 10:45 बजे वह जेई प्रवीण, एएफएम प्रदीप, एएलएम जीवन कुमार और एलएम सुमेर चंद के साथ गांव छापर में जोगिंद्र के घर बकाया बिजली बिल जमा कराने पहुंचे थे।
उपभोक्ता को कई बार बिल भरने के लिए कहा गया था, लेकिन उसने राशि जमा कराने से मना कर दिया। इसी दौरान सरपंच श्याम सिंह, अजमेर सिंह और करनैल सहित कुछ ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने निगम कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज और हाथापाई की तथा सरकारी कार्य में बाधा डाली।
घटना का एक वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिसमें कर्मचारियों के साथ विवाद होता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि दूसरे पक्ष की ओर से भी पुलिस को शिकायत दी गई है। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।