विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

करनाल में प्रदीप मिश्रा की कथा में VIP पास को लेकर लाठी-डंडे चले, भारी तोड़फोड़; लाखों रुपए लूटने का आरोप

By Som Dutt Edited By: Anku Chahar
Published: Wed, 20 May 2026 08:00 AM (IST)

करनाल के घरौंडा में पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा में वीआइपी पास को लेकर विवाद गहरा गया।

शिवकथा में वीआइपी पास पर विवाद (फोटो: जागरण)

शिवकथा में वीआइपी पास पर विवाद (फोटो: जागरण)

HighLights

  1. वीआइपी पास को लेकर कथा स्थल पर विवाद

  2. दान कार्यालय में तोड़फोड़, लाखों की लूट का आरोप

  3. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कर रही जांच

संवाद सहयोगी, घरौंडा/करनाल: नई अनाज मंडी में प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा में सोमवार की देर रात एक बार फिर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। कथा स्थल पर बनाए गए दान कार्यालय में दो पक्षों के बीच जमकर हंगामा हुआ।

विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले। कार्यालय में तोड़फोड़ भी की गई। आयोजकों की ओर से आरोप लगाया गया है कि हंगामे के दौरान दान कार्यालय से करीब 6 लाख 11 हजार रुपये लूट लिये गए। कार्यालय का सामान भी बिखरा पड़ा मिला।

वहीं इस पूरे विवाद का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कई लोग कार्यालय के अंदर घुसते और हंगामा करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

सोमवार को कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। कथा समाप्त होने के बाद देर रात वीआइपी एंट्री पास को लेकर कुछ लोगों और आयोजकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ लोगों ने दान कार्यालय में घुसकर कुर्सियां और अन्य सामान फेंकना शुरू कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई और मौके पर भगदड़ के हालात बन गए।

विवाद के दौरान मौके पर पहुंचे एक पूर्व पार्षद से भी एक पक्ष के लोगों ने धक्का-मुक्की की। पूर्व पार्षद बीच-बचाव कराने पहुंचे थे, लेकिन उनके साथ हुई मारपीट के बाद मामला अधिक भड़क गया। घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया।

वीआइपी पास में पारदर्शिता नहीं

एक पक्ष के लोग शिकायत लेकर थाना पहुंचे। शिकायत करने पहुंचे लोगों का आरोप था कि कथा में वीआइपी पास को लेकर पारदर्शिता नहीं है। उनका कहना था कि आयोजकों द्वारा वीआइपी पास में बंदरबांट की जा रही है।

लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि आम श्रद्धालुओं को प्रवेश के लिए परेशान किया जा रहा है, विशेष लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है। वहीं शिकायतकर्ताओं ने दान कार्यालय से लाखों रुपये लूटे जाने के आरोपों को भी गलत बताया। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

मामले की जांच जारी : एसएचओ

थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि एक पक्ष की शिकायत पुलिस को मिली है। मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज चेक की जा रही है और जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।