प्राइवेट बस संचालकों की मनमानी से यात्री परेशान: अशोक
आल हरियाणा परिवहन कर्मचारी संघ की मीटिग राज्य प्रधान महिद्र सिंह गौड़ की अध्यक्षता में पुराना बस स्टैंड स्थित कार्यालय में हुई। संचालन डिपो प्रधान अशोक कुमार ने किया।
करनाल (विज्ञप्ति) : आल हरियाणा परिवहन कर्मचारी संघ की मीटिग राज्य प्रधान महिद्र सिंह गौड़ की अध्यक्षता में पुराना बस स्टैंड स्थित कार्यालय में हुई। संचालन डिपो प्रधान अशोक कुमार ने किया।
उन्होंने कहा कि प्राइवेट बस संचालकों की मनमानी से जनता को परेशान होना पड़ रहा है। तय समय सारिणी के मुताबिक काम न करते हुए निजी बसों के चालक बस स्टैंड पर समय से पहले बसें खड़ी कर देते हैं और समय पर बस चलाने से भी गुरेज करते हैं। सोसाइटी की बसें कर्मचारी और जनता दोनों के लिए परेशानी का सबब बनी हैं। इनके बस चालक बस स्टैंड से बाहर बस को निकालने में काफी देर करते हैं। फिर इन बसों को निकलवाने के लिए एसएस को आदेश दिए जाते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह अव्यवस्था आरटीए क्लर्क व प्राइवेट सोसाइटी के मालिकों के बीच मिलीभगत के कारण फैली है। सरकार को चूना लगाने का काम अधिकारी कर रहे हैं। आरटीए की ओर से जो टाइम टेबल जारी किया गया है उसमें न तो बस का नंबर है और न ही सोसाइटी का नाम है। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते व्यवस्था दुरुस्त नही की गई और निजी बसों को तय समय सारिणी के अनुसार नहीं चलाया गया तो आल हरियाणा परिवहन कर्मचारी संघ आंदोलन करने के लिए मजबूर हो जाएगा। विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे। इस अवसर पर वरिष्ठ उपप्रधान विशाल शर्मा, उपप्रधान वीरेंद्र मलिक, उपप्रधान प्रकाश सिंह, सह सचिव रवि, विजय प्रताप, चेयरमैन राजेंद्र गुर्जर, जगपाल शर्मा कोषाध्यक्ष, प्रवीन सैनी, शेर सिंह व सुरजीत मौजूद रहे।