डेढ़ माह से आ रहा धान, अब सीसीटीवी और कांटा शुरू
अनाज मंडी में डेढ़ माह से धान की आवक जारी है कांटा भी बंद रहा और सीसीटीवी भी।
जागरण संवाददाता करनाल
अनाज मंडी में डेढ़ माह से धान की आवक जारी है, कांटा भी बंद रहा और सीसीटीवी भी। ऐसा क्यों हुआ जिम्मेदार बताने को तैयार नहीं हैं। अब चूंकि धान खरीद के लिए उच्चाधिकारियों का दबाव आ गया है तो कैमरों को भी दुरुस्त करा दिया गया और धर्मकांटे को भी शुरू करा दिया गया है। मंडी में सफाई भी करानी शुरू कर दी है। मंगलवार को प्रधान सचिव के निर्देश के बाद एक अक्टूबर से पहले धान खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश पर मार्केट कमेटी ने काम करना शुरू कर दिया है। मार्केट कमेटी सचिव के मुताबिक 26 सितंबर को धान की खरीद शुरू हो सकती है। गौरतलब है कि अनाज मंडी में बंद पड़े सीसीटीवी और कांटे के कारण मार्केट कमेटी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे थे। आरोप था कि कैमरे इस कारण से बंद थे कि यह ना पता चले कि मंडी में कितना धान आ रहा है। तीन एजेंसियां करेंगी खरीद
करनाल अनाज मंडी में खाद्य और पूर्ति विभाग, हैफेड और हरियाणा वेयर हाउस कॉरपोरेशन को धान खरीद की जिम्मेदारी सौंपी है। मार्केट कमेटी ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। बड़ा सवाल- कांटा चलाने में गंभीरता क्यों नहीं दिखाई
मंडी के गेट पर लगे कांटे को शुरू कराने में मार्केट कमेटी ने गंभीरता क्यों नहीं दिखाई, जबकि धान की आवक डेढ़ माह से अधिक समय से जारी है। धान जैसे ही मंडी में आती है तो इसका वजन किया जाता है। इसके बाद आढ़ती के पास बिक्री के लिए भेजा जाता है। यह इसलिए होता है कि ताकि टैक्स की चोरी को रोका जा सके, लेकिन यहां कांटे शुरू नहीं किया गया था। मंडी में पहुंच रहा गीला धान, सुखाया जा रहा
अनाज मंडी में धान की आवक हो रही है। पहले साठी धान की खरीददारी हुई, उसके बाद 1509 किस्म आना शुरू हुई। अभी तक प्राइवेट खरीद की जा रही है। पीआर धान भी आनी शुरू हो चुकी है, लेकिन वह गीली होने के कारण उसे सुखाया जा रहा है। मंडी की आवक को देखते हुए एक अक्टूबर से पहले धान खरीद के प्रधान सचिव ने निर्देश दिए हैं। वर्जन
धान खरीद को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। उम्मीद है 28 सितंबर तक खरीद का काम शुरू हो जाएगा। कांटा शुरू हो चुका है। सीसीटीवी को भी करा दिया गया है। गेट पर स्टाफ की तैनाती कर दी गई है। सफाई कार्य भी किया जा चुका है।
हकीकत कादियान, सचिव मार्केट कमेटी करनाल। सुखाकर लाएं धान : डीसी
डीसी विनय प्रताप सिंह ने कहा कि जिले की सभी मंडियों में वीरवार से ही धान की खरीद की जाएगी। उन्होंने बताया कि धान खरीद की सभी तैयारियां पूरी है। उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे फसल को अच्छी तरह से सुखाकर ही मंडियों में लाएं। धान में नमी की मात्रा 17 प्रतिशत से अधिक नहीं होनी चाहिए। उन्होंने मंडी आढ़तियों से भी कहा है कि वे धान को पंखा आदि लगाकर अच्छी तरह से साफ-सफाई करके एजेंसियों को दें।