विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गर्भाधान के सही समय से नहीं चूकेंगे पशुपालक, भैंस की लार की एक बूंद से 20 मिनट में होगी 'मूक हीट' की पहचान

Published: Sun, 29 Nov 2026 02:00 PM (IST)

राष्ट्रीय डेरी अनुसंधान संस्थान (एनडीआरआइ), करनाल के वैज्ञानिकों ने भैंसों में हीट की पहचान के लिए लार आधारित रंग परीक्षण तकनीक विकसित की है। यह तकनीक महज 20-30 मिनट में मूक हीट का पता लगाकर कृत्रिम गर्भाधान की सफलता दर बढ़ाएगी और पशुपालकों की आय में वृद्धि करेगी।

भैंस के हीट में आने की आसानी से होगी पहचान ( जागरण आर्काइव)

भैंस के हीट में आने की आसानी से होगी पहचान ( जागरण आर्काइव)

HighLights

  1. एनडीआरआइ ने भैंसों में हीट पहचान की तकनीक बनाई

  2. लार आधारित परीक्षण 20-30 मिनट में परिणाम देगा

  3. मूक हीट पहचान से कृत्रिम गर्भाधान सफल होगा

अश्विनी शर्मा, करनाल। भैंस के हीट (मद) में आने की सही समय पर पहचान नहीं होना पशुपालकों के लिए बड़ी चुनौती है। विशेषकर गर्मियों में भैंस कई बार हीट में आने के स्पष्ट लक्षण नहीं दिखाती।

इस कारण पशुपालक कृत्रिम गर्भाधान का सही समय चूक जाते हैं और पशु को दोबारा अगले प्रजनन चक्र का इंतजार करना पड़ता है। इस समस्या के समाधान की दिशा में राष्ट्रीय डेरी अनुसंधान संस्थान (एनडीआरआइ), करनाल के वैज्ञानिकों ने लार आधारित रंग परीक्षण तकनीक विकसित की है।

इससे महज 20 से 30 मिनट में पता लगाया जा सकेगा कि भैंस हीट में है या नहीं। एनडीआरआइ की वरिष्ठ विज्ञानी डॉ. रुबीना कुमारी बैथालू ने बताया कि इस तकनीक में पशु की लार की एक बूंद और दो रिएजेंट का इस्तेमाल किया जाता है।

ऐसे काम करेगा टेस्ट

डॉ. रुबीना के अनुसार जांच के लिए सबसे पहले भैंस की लार की एक बूंद ली जाती है। इसमें रिएजेंट-ए की चार बूंदें डालकर अच्छी तरह मिलाया जाता है। इसके बाद तैयार मिश्रण की पांच बूंदें लेकर उसमें रिएजेंट-बी की पांच बूंदें मिलाई जाती हैं। इस घोल को 20 से 30 मिनट तक रखा जाता है।

यदि घोल का लाल रंग बदलकर रंगहीन हो जाता है तो इसका मतलब है कि भैंस हीट में है। यदि इसी घोल का रंग लाल ही रहता है तो पशु को हीट में नहीं माना जाता। इस तरह बिना जटिल उपकरणों और पशु को किसी तरह की परेशानी दिए हीट की पहचान की जा सकती है।

मूक हीट की पहचान में मिलेगी मदद

भैंसों में हीट के लक्षण कई बार स्पष्ट नहीं होते। पशु बेचैनी, बार-बार आवाज निकालने या अन्य सामान्य व्यवहार के जरिए संकेत दे सकता है, लेकिन कई बार ये लक्षण दिखाई नहीं देते। इसे मूक हीट कहा जाता है। ऐसे में पशुपालक को पता ही नहीं चलता कि पशु कब गर्भाधान के लिए तैयार है।

सही समय निकल जाने पर कृत्रिम गर्भाधान कराने के बावजूद गर्भधारण की संभावना प्रभावित हो सकती है। नई तकनीक से इस स्थिति में समय रहते हीट की पहचान करने में मदद मिलेगी।

इससे कृत्रिम गर्भाधान का समय निर्धारित करना आसान होगा। बार-बार गर्भाधान कराने और प्रजनन चक्र छूटने से होने वाले अतिरिक्त खर्च को भी कम किया जा सकेगा। समय पर गर्भधारण होने से पशु के उत्पादन चक्र और पशुपालक की आमदनी पर भी सकारात्मक असर पड़ सकता है।

मार्च 2027 तक व्यवसायीकरण की उम्मीद

डा. रुबीना ने बताया कि तकनीक के व्यवसायीकरण के लिए कंपनी के साथ बातचीत चल रही है। इसके साथ ही पेटेंट की प्रक्रिया भी की जा रही है। उम्मीद है कि मार्च 2027 तक इसका व्यावसायीकरण हो जाएगा।

इसके बाद इसे बाजार में उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा। इससे पशुपालकों तक तकनीक पहुंचने का रास्ता खुलेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।