नगर निगम ने मॉडल टाऊन में अवैध निर्माण को गिराया
शहर में सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई दूसरे दिन भी जारी रही जिसके चलते मॉडल टाउन स्थित एक पब्लिक पार्क की जगह पर अवैध रूप से किए गए निर्माण को गिराया गया।
जागरण संवाददाता, करनाल : शहर में सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई दूसरे दिन भी जारी रही, जिसके चलते मॉडल टाउन स्थित एक पब्लिक पार्क की जगह पर अवैध रूप से किए गए निर्माण को गिराया गया। निगम आयुक्त राजीव मेहता ने बताया कि मॉडल टाउन में रोजगार विभाग के पुराने कार्यालय के साथ पब्लिक पार्क की जगह है। इसके आस-पास रिहायशी मकान हैं। करीब 15-20 लोगों ने अनाधिकृत रूप से पार्क की जगह पर अपने घरों के पीछे अवैध रूप से दीवार बना ली। जैसे ही यह मामला निगम के संज्ञान में आया तभी संबंधित लोगों को नोटिस देकर ये निर्माण गिराए जाने के आदेश दिए गए। लेकिन उस पर कोई अमल नहीं किया गया। परिणामस्वरूप निगम के दस्ते ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। इस कार्रवाई के लिए करनाल के बीडीपीओ अंकित चौहान ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर तैनात रहे। एसएचओ सिविल लाइन की अगुवाई में पुलिस बल को साथ लेकर यह कार्रवाई की गई। निगम की टीम में नगर निगम के भवन निरीक्षक राजेश व विकास अरोड़ा तथा क्लर्क अविनाश शर्मा शामिल रहे।