अधिकतम व न्यूनतम 2.6 डिग्री लुढ़के, अब मौसम रहेगा साफ
क्षेत्र में बुधवार को हुई 3.6 एमएम बरसात का गेहूं कटाई पर कोई ज्यादा असर देखने को नहीं मिला। हाथ की कटाई का काम तो सुबह से शुरू हो गया दोपहर 12 बजे के बाद कंबाइन से गेहूं कटाई होती रही।
जागरण संवाददाता, करनाल : क्षेत्र में बुधवार को हुई 3.6 एमएम बरसात का गेहूं कटाई पर कोई ज्यादा असर देखने को नहीं मिला। हाथ की कटाई का काम तो सुबह से शुरू हो गया, दोपहर 12 बजे के बाद कंबाइन से गेहूं कटाई होती रही। हल्की बरसात से गेहूं की फसल ने नमी पकड़ ली, जिस कारण कंबाइन की कटाई देरी से शुरू हो पाई। वहीं दूसरी ओर मंडियों में भी गेहूं की आवक ने जोर पकड़ लिया। बृहस्पतिवार तक जिलेभर की 23 मंडियों में गेहूं की आवक करीब 2.50 लाख मीट्रिक टन तक पहुंच गई है।
बरसात से न्यूनतम व अधिकतम तापमान में 2.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। बुधवार को अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो वीरवार को घटकर 27.0 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। इसी प्रकार न्यूनतम तापमान बुधवार को 17.6 डिग्री था जो घटकर 14.0 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। सुबह के समय नमी की मात्रा 92 फीसद दर्ज की गई जो शाम को घटकर महज 57 फीसद रह गई। हवा 4.8 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चली। केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान के मुताबिक आने वाले 24 घंटे में मौसम साफ रहेगा।
इस गर्मी के सीजन की सबसे ठंडी रही बुधवार की रात
प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हुई बरसात से तापमान में जो गिरावट आई है उससे रात का तापमान 14.0 डिग्री पर आया है। जो सामान्य से 6.0 डिग्री कम है। अप्रैल माह में इन दिनों न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री के आसपास रहता है। बुधवार की रात को तापमान गिरने के साथ-साथ चली तेज हवा के कारण ठंड का अहसास हुआ है।