दो दिन धूलभरी आंधी के साथ हल्की बूंदाबांदी के आसार बने
मौसम विभाग ने अगले दो दिन धूल भरी आंधी के साथ बूंदाबांदी की संभावना जताई है।
जागरण संवाददाता, करनाल
कई दिन से भीषण गर्मी की मार झेल रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग ने आने वाले 24 घंटे में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में धूलभरी आंधी के साथ हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई है। बुधवार को पांच बजे बूंदाबांदी हुई। अचानक सक्रिय हुआ पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी राजस्थान के रास्ते दिल्ली, एनसीआर व हरियाणा में एंट्री करेगा। जिससे तापमान गिरने की संभावना जताई है। लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।
मई में गर्मी एक बार फिर चरम पर पहुंची हुई है। अधिकतम तापमान 41.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं न्यूनतम तापमान भी उछाल के साथ 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार को गर्मी के साथ-साथ लू के थपेड़ों ने लोगों का जनजीवन बेहाल कर दिया। लोग सुबह व शाम को ही घरों से बाहर निकलते हैं। दोपहर के समय सड़कें सुनसान पड़ जाती हैं। लू के थपेड़ों के कारण लोग खरीदारी भी करना पसंद नहीं कर रहे हैं। गर्मी से बचने के लिए लोग तरह-तरह के तरीके अपना रहे हैं। कोई स्वीमिग पुल का सहारा ले रहा है तो कोई ठंडे पेयजल पदार्थ पीकर गर्मी से बचने की कोशिश कर रहा है। वहीं डॉक्टरों ने भी कहा है कि गर्मी व लू से बचने के लिए लोगों को ज्यादा से ज्यादा पानी पीना चाहिए। शुष्क हुआ मौसम, मात्र 14 रह गई नमी
8.5 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चली रही लू के कारण नमी सुबह के समय 51 फीसद से घटकर शाम को महज 14 फीसद रह गई। मौसम बिल्कुल शुष्क हो गया है। तेज हवा भी लू में तब्दील हो रही है। स्वस्थ रहने के यह करें
नागरिक अस्पताल के सीनियर फिजीशियन डॉ. सजीव ग्रोवर के मुताबिक लोगों को अपनी सुबह की दिनचर्या सैर-सपाटे व योगासन से शुरू करनी चाहिए। बाजार की चीजों से परहेज करना चाहिए। गर्मी का मौसम है, इसलिए तली हुई या बाजार में खुले में बिकने वाली चीजें लोगों की सेहत पर भारी पड़ सकती हैं। भोजन हल्का करना चाहिए जो जल्दी पच सके। गर्मी में पानी खूब पीयें। नींबू पानी, शिकंजी, लस्सी का प्रयोग करें। खाने में सलाद का प्रयोग जरूर करें। अधिक पानी पीयें
महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. संगीता के मुताबिक गर्मी में गर्भवती महिलाओं व नवजातों का विशेष ध्यान रखना चाहिए। बच्चों को धूप में जाने से पहले कपड़े से जरूर ढक लें। जहां तक कोशिश करें दोपहर के समय बाइक पर गर्म हवा से गर्भवती महिलाओं व बच्चों को जरूर बचाएं। घरों में भी खान-पान का ध्यान रखें। डॉक्टर के परामर्श अनुसार गर्भवती महिला इस मौसम में खाने-पीने का रुटीन रखना बेहद जरूरी है। पानी अधिक मात्रा में पीना चाहिए। खाली पेट घर से बाहर नहीं निकलें।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप