करनाल में रोडवेज बस की टक्कर से युवक की मौत, परिवार का इकलौता बेटा था
करनाल के निसिंग-गोंदर मार्ग पर रोडवेज बस की टक्कर से 28 वर्षीय करणपाल सिंह की मौत हो गई। बस चालक की लापरवाही से हुए इस हादसे में करणपाल परिवार का इकलौता बेटा था।
-1795805121324_m.webp)
रोडवेज बस की टक्कर से युवक की मौत।
HighLights
निसिंग-गोंदर मार्ग पर रोडवेज बस से हुआ हादसा।
28 वर्षीय करणपाल सिंह की मौके पर मौत।
बस चालक हिरासत में, परिवार का इकलौता बेटा था।
जागरण संवाददाता, करनाल। निसिंग-गोंदर मार्ग पर वीरवार शाम रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार 28 वर्षीय करणपाल सिंह की मौत हो गई। करण पाल बाइक पर कहीं से वापस लौट रहा था।
इसी दौरान गोंदर गांव के पास रोडवेज बस चालक ने ओवरटेक करते समय लापरवाही से बस चलाते हुए उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि करण पाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया है।
करण पाल निसिंग का रहने वाला था। वह परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता पुलिस विभाग में कर्मचारी थे, जिनकी पहले ही एक सड़क हादसे में मौत हो चुकी थी। परिवार में उसकी मां और दो विवाहित बहनें हैं। करणपाल की अभी शादी नहीं हुई थी।
स्वजन ने बताया कि उन्हें शाम करीब साढ़े छह बजे हादसे की सूचना मिली। इसके बाद परिवार के लोग घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे। वहां करण पाल की मौत की खबर सुनकर परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
रिश्तेदारों के अनुसार करण पाल सभी का लाडला था और परिवार में उसकी शादी की तैयारियों को लेकर भी चर्चा होती रहती थी। पुलिस ने रोडवेज बस चालक को हिरासत में लिया है। हादसे के कारणों और बस चालक की भूमिका की जांच की जा रही है।