टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग करने वाले बदमाशों के खाते में ट्रांसफर किए थे रुपये, अनिल पंडित के छोटे भाई की वाइफ अरेस्ट
मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में करनाल की सुनेहा उर्फ परी को गिरफ्तार किया गया है।
-1793763014777_m.webp)
अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई थी फायरिंग (फाइल फोटो)
HighLights
करनाल की सुनेहा उर्फ परी को मुंबई पुलिस ने पकड़ा।
टाइगर श्रॉफ फायरिंग के आरोपितों को पैसे ट्रांसफर किए।
क्रिप्टोकरेंसी अकाउंट से हुए थे ये लेनदेन।
जागरण संवाददाता, करनाल। अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर मुंबई में पिछले दिनों हुई फायरिंग के मामले में करनाल की 22 वर्षीय सुनेहा उर्फ परी को मुंबई पुलिस गिरफ्तार कर ले गई।
आरोप है कि सुनेहा ने पति के नाम पर खोले गए क्रिप्टोकरेंसी ट्रेडिंग अकाउंट से फायरिंग मामले में गिरफ्तार आरोपितों के बैंक खातों में रुपये ट्रांसफर किए थे।
आरोपित महिला विदेश में बैठे अनिल पंडित के छोटे भाई की पत्नी है। एक नवंबर को मुंबई क्राइम ब्रांच पानीपत पुलिस को साथ लेकर करनाल आई थी। सुनेहा को कोर्ट में पेश कर चार दिन के ट्रांजिट रिमांड पर ले गई।
मुंबई पुलिस ने मामले में सोनीपत के गांव बरौदा के 18 वर्षीय फुलसिंह नरेश और सोनीपत की ईदगाह कालोनी निवासी रेहान, मुंबई निवासी रितिक को गिरफ्तार किया था।
इन आरोपितों से पूछताछ और उनके बैंक खातों की जांच में सुनेहा का नाम सामने आया। इसके बाद मुंबई क्राइम ब्रांच ने पानीपत क्राइम ब्रांच से संपर्क किया।
पुलिस की टीम करनाल की शिव कॉलोनी स्थित शास्त्री नगर पहुंची और सुनेहा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। करीब तीन घंटे की पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसी दिन सिविल जज न्यायिक मजिस्ट्रेट रितिका शर्मा की अदालत में पेश कर चार दिन के ट्रांजिट रिमांड पर लिया।
पति के नाम पर खुलवाया था ट्रेडिंग अकाउंट
पुलिस जांच में सामने आया कि महिला ने अपने पति अभिषेक के नाम पर एसबीआइ में क्रिप्टोकरेंसी ट्रेडिंग अकाउंट खुलवाया हुआ था। इसी खाते से आरोपितों के बैंक खातों में रुपये ट्रांसफर किए गए थे।
मुंबई पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि महिला के खाते में रकम कहां से आई और इस लेनदेन में अन्य कौन लोग शामिल हैं? पांच नवंबर को महिला को मुंबई की अदालत में पेश किया जाएगा।
अनिल पंडित पानीप के रेर कलां गांव का है। फिलहाल विदेश में है। उसका पिता जेल में है और छोटे भाई अभिषेक पर भी पानीपत के बापौली थाने में दो केस दर्ज हैं।