विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 29, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Karnal: पांच साल की बच्‍ची के अपहरण का प्रयास, महिला की बहादुरी से बची मासूम; अफरातफरी के बीच एक आरोपित फरार

By Jagran NewsEdited By: Himani Sharma
Published: Thu, 29 Jun 2023 08:20 AM (IST)

Karnal News करनाल शहर के हकीकतनगर क्षेत्र में घर के बाहर खेल रही पांच साल की मासूम बच्ची को बाइक ...और पढ़ें

पांच साल की बच्‍ची के अपहरण का प्रयास, महिला की बहादुरी से बची मासूम
पांच साल की बच्‍ची के अपहरण का प्रयास, महिला की बहादुरी से बची मासूम

करनाल, जागरण संवाददाता: अब अपने ही घरों के आसपास भी मासूम सुरक्षित नहीं हैं। शहर के हकीकतनगर क्षेत्र में घर के बाहर खेल रही पांच साल की मासूम बच्ची को बाइक सवार दो युवक अगवा करके ले जाने का प्रयास कर रहे थे। तभी कालोनी की एक महिला ने बच्ची का शोर सुन लिया।

इसी के साथ उसने साहस दिखाते हुए बाइक पर बच्ची को ले जा रहे युवकों पर तसला फेंककर मार दिया, जिसके बाद आरोपित बाइक से गिर गए। इसके बाद महिला ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुला लिया।

इस बीच लोगों ने एक आरोपित युवक को पकड़ लिया जबकि दूसरा युवक भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पीड़ित पिता ने थाने में शिकायत दी। पुलिस आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी है।

शाम की है घटना

घटना बुधवार शाम करीब छह बजे की है। शहर के हकीकतनगर निवासी एक नागरिक अपने परिवार के साथ गली नंबर एक में रहते हैं। उनकी करीब पांच साल की बेटी घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक आए और अचानक खेलती हुई बच्ची को उठाकर ले जाने लगे।

इसी बीच एक महिला ने उन्हें शोर मचा रही बच्ची काे जबरन ले जाते हुए देख लिया। महिला ने शोर मचाया लेकिन जब तक अपहरणकर्ता कुछ दूर जा चुके थे। इधर बाइक पर बच्ची भी लगातार चिल्ला रही थी।

महिला ने आरोपित को मारा तसला

इसी दौरान रास्ते से कालोनी में ही रहने ही रहने वाली एक महिला तसला लेकर गुजर रही थी। जब दूसरी महिला ने बच्ची और महिला के शोर की आवाज सुनी तो उसने अपने हाथ में लिया तसला जोर से अपहरणकर्ताओं पर फेंककर मार दिया, जिसके बाद अपहरणकर्ता बाइक से गिर गए।

महिला ने मौके पर शोर मचाकर लोगों को बुला लिया। लोगों ने बच्ची को छुड़वाने के साथ ही एक आरोपित को पकड़ लिया। जबकि अफरातफरी के बीच दूसरा आरोपित मौके से भाग निकला। पीड़ित के पिता के बयान के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी।

दो युवक बाइक पर ले जा रहे थे बच्‍ची को

वहीं थाना सदर के एसएचओ जमशेर सिंह ने बताया कि हकीकतनगर कालोनी से दो युवक बाइक पर बच्ची को ले जा रहे थे। लोगों ने एक आरोपित शशि कुमार को पकड़ लिया जबकि दूसरा भाग निकला। आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पीड़ित पक्ष के बयान पर सदर थाना पुलिस ने जिले के बृजपुरा निवासी शशि कुमार और राम लखन के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।