विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

निसिंग के मोहन ने रचा इतिहास, स्टेट साइंस ड्रामा में बने बेस्ट एक्टर, करनाल का नाम हुआ रोशन

Published: Sat, 07 Nov 2026 10:56 AM (GMT+05:30)

निसिंग के राजकीय माडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के छात्र मोहन ने स्टेट साइंस ड्रामा कांटेस्ट 2026-27 में बेस्ट एक्टर का खिताब जीता है।

स्टेट साइंस ड्रामा में बने बेस्ट एक्टर (जागरण फोटो)

स्टेट साइंस ड्रामा में बने बेस्ट एक्टर (जागरण फोटो)


HighLights

  1. मोहन ने स्टेट साइंस ड्रामा कांटेस्ट में बेस्ट एक्टर का खिताब जीता

  2. एससीईआरटी गुरुग्राम में मोहन ने करनाल का नाम रोशन किया

  3. उन्हें ₹2500 नकद पुरस्कार और मेरिट प्रमाण पत्र मिलेगा

जागरण संवाददाता, करनाल। निसिंग के राजकीय माडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के छात्र मोहन ने स्टेट साइंस ड्रामा कांटेस्ट 2026-27 में बेस्ट एक्टर का खिताब जीतकर करनाल जिले का नाम पूरे प्रदेश में रोशन कर दिया।

एससीईआरटी गुरुग्राम में 4 और 5 नवंबर को आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में मोहन ने एंकर के किरदार को इतनी जीवंतता और आत्मविश्वास के साथ निभाया कि निर्णायक भी उनकी प्रतिभा के कायल हो गए।

एससीईआरटी हरियाणा की ओर से 6 नवंबर को जारी परिणाम में मोहन को बेस्ट एक्टर घोषित किया गया। उन्हें 2500 रुपये नकद पुरस्कार और मेरिट प्रमाण पत्र दिया जाएगा। इस उपलब्धि के बाद निसिंग स्कूल में खुशी का माहौल है।

शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों ने मोहन को बधाई दी। स्कूल के प्राचार्य ने कहा कि मोहन की मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का ही परिणाम है कि उसने राज्य स्तर पर करनाल को यह सम्मान दिलाया।

विज्ञान को नाटक के जरिए समझाया

प्रतियोगिता का उद्देश्य विज्ञान के कठिन विषयों को नाटक के माध्यम से आसान भाषा में समझाना था। करनाल की टीम ने अपने नाटक में विज्ञान, पर्यावरण और समाज से जुड़े विषयों को रोचक अंदाज में प्रस्तुत किया।

मोहन ने एंकर के रूप में पूरे नाटक को सूत्रधार की तरह बांधे रखा। उनके संवाद अदायगी, हाव-भाव और मंच पर उपस्थिति ने दर्शकों को शुरू से अंत तक बांधे रखा। निर्णायकों ने विशेष रूप से उनकी स्पष्ट आवाज, आत्मविश्वास और समय के अनुसार भाव बदलने की कला की सराहना की।

प्रदेशभर की टीमों ने लिया था भाग

प्रतियोगिता में प्रदेश भर के जिलों से टीमों ने भाग लिया था। फतेहाबाद के पीएमश्री जीएसएसएस बाजीलपुर ने प्रथम, रोहतक के अगस्त्य इंटरनेशनल स्कूल ने द्वितीय और अंबाला कैंट के आर्मी पब्लिक स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महेंद्रगढ़ की रिया को बेस्ट एक्ट्रेस, हिसार को बेस्ट स्क्रिप्ट और फतेहाबाद को बेस्ट डायरेक्शन का पुरस्कार मिला।

गांव-स्कूल के लिए गर्व का क्षण

मोहन की इस सफलता को निसिंग क्षेत्र के लिए भी बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। सरकारी स्कूल के छात्र का राज्य स्तर पर बेस्ट एक्टर बनना यह साबित करता है कि प्रतिभा किसी सुविधा की मोहताज नहीं होती।

मोहन ने कहा कि वह आगे भी अभिनय और पढ़ाई में मेहनत जारी रखेंगे और राष्ट्रीय स्तर पर भी करनाल का नाम रोशन करना चाहते हैं। शिक्षकों का कहना है कि मोहन शुरू से ही मंचीय गतिविधियों में रुचि रखते थे।

स्कूल में होने वाली प्रार्थना सभा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में वह हमेशा आगे रहते थे। डीईओ रोहतास वर्मा ने भी मोहन और उनकी टीम को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास को भी मजबूत करती हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।