करनाल में क्रेडिट कार्ड बनवाने का झांसा देकर 1.01 लाख रुपये ठगे, आरोपी गिरफ्तार
करनाल में एसबीआई क्रेडिट कार्ड बनवाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 1.01 लाख रुपये की साइबर ठगी हुई। साइबर पुलिस ने पानीपत निवासी एक आरोपित सुनील को गिरफ्तार कर एक लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
-1795282505748_m.webp)
क्रेडिट कार्ड बनवाने का झांसा देकर 1.01 लाख रुपये ठगे।
HighLights
करनाल में एसबीआई क्रेडिट कार्ड बनवाने के नाम पर ठगी।
ठगों ने वॉट्सऐप स्क्रीन शेयर करवाकर 1.01 लाख रुपये निकाले।
साइबर पुलिस ने पानीपत से आरोपित को गिरफ्तार कर पैसे बरामद किए।
जागरण संवाददाता, करनाल। एसबीआई क्रेडिट कार्ड बनवाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 1.01 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में साइबर थाना पुलिस ने पानीपत निवासी एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से एक लाख रुपये नगद, मोबाइल और पैन कार्ड बरामद किया है।
साइबर थाना पुलिस के अनुसार, चमन गार्डन एक्सटेंशन निवासी राजकुमार ने 27 जून को शिकायत दर्ज कराई थी कि 25 जून को उसके फेसबुक अकाउंट पर एसबीआई क्रेडिट कार्ड से संबंधित विज्ञापन दिखाई दिया था।
विज्ञापन लाइक करने के अगले दिन उसके पास एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। उसने क्रेडिट कार्ड बनवाने का झांसा देकर वॉट्सऐप कॉलके माध्यम से मोबाइल की स्क्रीन शेयर करवा ली और एक लिंक भेजा।
इस प्रक्रिया के दौरान ठगों ने उसके क्रेडिट कार्ड की जानकारी हासिल कर पांच बार 20247.80 रुपये की ट्रांजेक्शन की और कुल 1,01,239 रुपये निकाल लिए।
उप निरीक्षक मुकेश कुमार की टीम ने आरोपित पानीपत खटीक बस्ती निवासी सुनील को गिरफ्तार किया। शनिवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।