विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

CIA-2 प्रभारी और हवलदार पर हत्या का केस दर्ज, गिरफ्तारी की मांग पर परिजनों ने लगाया जाम; शव लेने से इनकार

Published: Sun, 15 Nov 2026 04:35 PM (IST)

जितेंद्र की सीआईए-2 हिरासत में मौत के मामले में प्रभारी प्रवीण और हवलदार संदीप सहित अन्य पर हत्या का केस दर्ज हुआ है।

करनाल में हिरासत में युवक की मौत मामले पर पुलिसकर्मियों पर हत्या का केस दर्ज।

करनाल में हिरासत में युवक की मौत मामले पर पुलिसकर्मियों पर हत्या का केस दर्ज।

HighLights

  1. जितेंद्र की सीआईए-2 हिरासत में मौत का मामला।

  2. प्रभारी प्रवीण, हवलदार संदीप पर हत्या का केस दर्ज।

  3. स्वजन आरोपित पुलिसकर्मियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे।

जागरण संवाददाता, करनाल। सीआईए-2 की अवैध हिरासत में जितेंद्र की मौत के मामले में स्वजन की मांग पर पुलिस ने सीआईए-2 प्रभारी प्रवीण, हवलदार संदीप सहित अन्य के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।

हालांकि, एफआईआर दर्ज होने के बावजूद स्वजन आरोपित पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं। इसी मांग को लेकर रविवार दोपहर स्वजन ने एनडीआरआई चौक पर करीब 15 मिनट तक जाम लगा दिया।

सूचना मिलने पर डीएसपी गौरख पाल राणा मौके पर पहुंचे और स्वजन को समझाया। इसके बाद उन्होंने जाम खोल दिया, लेकिन आरोपितों की गिरफ्तारी होने तक शव उठाने से इनकार कर दिया।

पोस्टमार्टम के बाद भी रिपोर्ट नहीं मिलने से नाराजगी

स्वजनों का कहना है कि पुलिस ने शनिवार को जितेंद्र का पोस्टमार्टम करवा दिया था, लेकिन अभी तक उन्हें पोस्टमार्टम रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराई गई है। वहीं पुलिस के अनुसार चिकित्सकों के बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट अभी तैयार नहीं हुई है और विसरा जांच के लिए लैब भेजा गया है। विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही मौत से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

गोली लगने से घायल एएसआई अस्पताल में दाखिल

जितेंद्र की मौत के दौरान सीआईए-2 में तैनात एएसआई संजय के कंधे में गोली लगने का मामला भी जांच के दायरे में है। घायल एएसआई का एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार चिकित्सकों ने उसे फिलहाल बयान देने के लिए अनफिट बताया है।

इस कारण उसके बयान दर्ज नहीं हो सके हैं। अभी यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली एएसआई ने खुद मारी थी या फिर उससे गलती से चली थी। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।