करनाल ने स्वच्छता में फिर रचा इतिहास, हरियाणा का सबसे स्वच्छ शहर घोषित; लगातार दूसरी बार मिला राष्ट्रपति पुरस्कार
करनाल को लगातार दूसरी बार हरियाणा का सबसे स्वच्छ शहर घोषित किया गया है, जिसके लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने प्रेसिडेंशियल अवार्ड से सम्मानित किया।
-1794407500676_m.webp)
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से पुरस्कार लेते हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल। फोटो जागरण
HighLights
करनाल हरियाणा का पहला स्वच्छ शहर घोषित।
लगातार दूसरी बार राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 परिणामों में शीर्ष स्थान।
जागरण संवाददाता, करनाल। स्वच्छता के क्षेत्र में करनाल ने एक बार फिर हरियाणा में अपनी बादशाहत साबित की है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के 10वें संस्करण के परिणामों में करनाल को हरियाणा का पहला स्वच्छ शहर घोषित किया गया है। इसके साथ ही करनाल ने लगातार दूसरी बार राष्ट्रपति पुरस्कार हासिल कर प्रदेश में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
बुधवार को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने करनाल को प्रेसिडेंशियल अवार्ड देकर सम्मानित किया। सम्मान समारोह में हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल, विभाग के आयुक्त एवं सचिव अशोक कुमार मीणा, करनाल की महापौर रेणु बाला गुप्ता और नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा ने राष्ट्रपति से पुरस्कार ग्रहण किया।
इस अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी मामले मंत्री मनोहर लाल, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और मंत्रालय के सचिव भी मौजूद रहे। राष्ट्रीय स्तर की रैंकिंग अगले दो दिनों में जारी होने की उम्मीद है।
कई मानकों पर हुआ शहर की व्यवस्थाओं का मूल्यांकन
नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा के मुताबिक स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत मार्च-अप्रैल में केंद्र सरकार की टीम ने शहर का मूल्यांकन किया था। इसमें दृश्य स्वच्छता, कूड़े का पृथक्करण, संग्रहण और परिवहन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सार्वजनिक स्वच्छता सुविधाओं की उपलब्धता, प्रयुक्त जल प्रबंधन और डीस्लजिंग सेवाओं के मशीनीकरण जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं को शामिल किया गया था।
इसके अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों का कल्याण, स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता, संस्थागत व्यवस्थाओं, पर्यावरणीय प्रबंधन तथा नागरिकों की प्रतिक्रिया और शिकायतों के निवारण की स्थिति भी जांची गई। मूल्यांकन टीम ने नगर निगम की ओर से प्रस्तुत दस्तावेजों और व्यवस्थाओं की गहन पड़ताल कर अपनी रिपोर्ट केंद्रीय आवासन एवं शहरी मामले मंत्रालय को भेजी थी। इन्हीं मानकों के आधार पर परिणाम घोषित किए गए हैं।
सफाई मित्रों और शहरवासियों को दिया सफलता का श्रेय
करनाल के साथ पूरे हरियाणा के लिए यह गौरव का क्षण है। स्वच्छता के क्षेत्र में लगातार दूसरी बार राष्ट्रपति पुरस्कार मिलना नगर निगम की टीम और शहरवासियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने विशेष रूप से सफाई मित्रों, अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की, जिनकी मेहनत से शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने में सफलता मिली है।
- रेणुबाला गुप्ता, महापौर नगर निगम करनाल।
करनाल को मिला यह राष्ट्रपति पुरस्कार केवल एक शहर की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे हरियाणा प्रदेश के लिए गर्व और गौरव का विषय है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार प्रदेश के शहरों को स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित और आधुनिक बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। करनाल की यह उपलब्धि सरकार की नीतियों, नगर निगम प्रशासन की सक्रियता और नागरिकों की सामूहिक भागीदारी का सकारात्मक परिणाम है।
- विपुल गोयल, शहरी स्थानीय निकाय मंत्री हरियाणा सरकार।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।