विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

करनाल नागरिक अस्पताल को मिलेगी नई सौगात, छह बेड का डायलिसिस-डे केयर सेंटर की मिलेगी सुविधा

Published: Sun, 29 Nov 2026 11:53 AM (IST)

नागरिक अस्पताल करनाल में छह बेड का डायलिसिस डे केयर सेंटर तैयार किया जा रहा है, जिसके दिसंबर में शुरू होने की उम्मीद है। यह पीपीपी मॉडल पर आधारित होगा।

करनाल नागरिक अस्पताल में बढ़ी सुविधा (प्रतीकात्मक फोटो, जागरण)

करनाल नागरिक अस्पताल में बढ़ी सुविधा (प्रतीकात्मक फोटो, जागरण)

HighLights

  1. नागरिक अस्पताल करनाल में छह बेड का डायलिसिस सेंटर।

  2. दिसंबर तक शुरू होने की उम्मीद, पीपीपी मॉडल पर आधारित।

  3. कैंसर, थैलेसीमिया मरीजों को भी मिलेंगी बेहतर सुविधाएं।

विशाल कौशिक, करनाल। जिले के नागरिक अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक और कदम उठाया जा रहा है। अस्पताल में छह बेड का डायलिसिस डे केयर सेंटर तैयार किया जा रहा है।

पीपीपी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) के तहत बन रहे इस सेंटर में डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके साथ ही कैंसर और थैलेसीमिया के मरीजों को भी पहले से बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। अस्पताल के प्रथम तल पर सेंटर तैयार करने का काम शुरू हो गया है और दिसंबर में इसके शुरू होने की उम्मीद है।

काम शुरू हो गया है। इस सेंटर के शुरू होने से डायलिसिस के मरीजों को निजी अस्पतालों या दूसरे जिलों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। डायलिसिस मरीजों के लिए सेंटर पहली बार बन रहा है।

वहीं, अभी नागरिक अस्पताल में कैंसर और थैलेसीमिया के मरीजों के लिए वार्ड की व्यवस्था है। नए सेंटर बनने के बाद इनके मरीजों को भी उपचार के दौरान यहां पर ही अतिरिक्त सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। आधुनिक उपकरणों और बेहतर व्यवस्था से मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है।

आधुनिक उपकरणों से लैस होगा सेंटर

डायलिसिस डे केयर सेंटर में छह बेड के अलावा डायलिसिस मशीनें, लाखों रुपये की लागत का आरओ सिस्टम, स्ट्रेचर, विशेष जनरेटर और क्रैश कार्ट ट्राली जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। विशेष जनरेटर की व्यवस्था होने से बिजली आपूर्ति बाधित होने पर भी मरीजों के उपचार में रुकावट नहीं आएगी। सेंटर में मरीजों की जरूरत के अनुसार आधुनिक उपकरण लगाए जाएंगे।

10 साल के लिए निजी कंपनी से अनुबंध

यह परियोजना पीपीपी माडल पर आधारित है। इसके लिए निजी कंपनी के साथ 10 साल का अनुबंध किया गया है। कंपनी की ओर से सेंटर के संचालन के लिए अपना स्टाफ तैनात किया जाएगा।

प्रोजेक्ट मैनेजर दीपक कुमार के अनुसार, यह व्यवस्था अनुबंध के आधार पर की गई है। पंचकूला के सरकारी अस्पताल में इस तरह की सुविधा करीब सात साल से संचालित है। उसी तर्ज पर अन्य अस्पतालों में भी सेंटर तैयार किए जा रहे हैं।

छह जिलों में तैयार किए जा रहे सेंटर

करनाल के अलावा हांसी, गोहाना, नारायणगढ़, टोहाना और मंडी डबवाली में भी डायलिसिस डे केयर सेंटर तैयार किए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

सेंटर शुरू होने के बाद मरीजों को अपने जिले में ही बेहतर उपचार सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इससे उन्हें डायलिसिस के लिए दूर-दराज के अस्पतालों के चक्कर लगाने और निजी अस्पतालों पर निर्भर रहने से राहत मिल सकेगी।

लिखित में अभी कोई निर्देश नहीं हैं

जिला नागरिक अस्पताल की पीएमओ सरिता बिश्नोई ने बताया कि कब डायलिसिस सेंटर बनकर तैयार होगा और कब चालू होगा इसके लिए हमारे पास अभी से कोई लिखित में निर्देश नहीं आए हैं। जैसे कोई निर्देश होंगे बता दिया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।