हरियाणा में PUBG गेम खेलने पर डांटा तो नहर में कूदा छोटा भाई, कई साल पहले पिता की भी हो चुकी है मौत
करनाल में पबजी खेलने पर बड़े भाई की डांट से नाराज 15 वर्षीय प्रिंस पश्चिमी यमुना नहर में कूद गया। ...और पढ़ें

पबजी गेम खेलने पर भाई ने डांटा तो नहर में कूद गया छोटा भाई।
HighLights
पबजी खेलने पर डांटने से नाराज होकर छात्र नहर में कूदा।
बड़े भाई ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह हाथ छुड़ाकर कूद गया।
पुलिस और गोताखोरों द्वारा नहर में छात्र की तलाश जारी।
जागरण संवाददाता, करनाल। घर में पबजी गेम खेलने पर बड़े भाई ने छोटे भाई को डांट दिया और पढ़ाई करने के लिए कहा तो 15 वर्षीय छोटा भाई गुस्से में आ गया और सोमवार रात को नहर में कूद गया।
बड़ा भाई उसे मनाने और रोकने के लिए पीछे-पीछे नहर तक पहुंचा। वहां नहर की ग्रिल के पास उसने छोटे भाई को पकड़ लिया, लेकिन दोनों के बीच हुई खींचतान में छात्र हाथ छुड़ाकर पश्चिमी यमुना नहर में कूद गया।
घटना के बाद पुलिस और गोताखोरों ने देर रात तक उसकी तलाश की, लेकिन अंधेरा होने के कारण कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार सुबह दोबारा सर्च आपरेशन शुरू किया गया।
शास्त्री नगर निवासी प्रिंस नौवीं कक्षा में पढ़ता था। सोमवार शाम को घर में उसका बड़ा भाई सोनू उसे मोबाइल पर गेम खेलने के बजाय पढ़ाई करने के लिए कह रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद प्रिंस गुस्से में घर से निकल गया।
सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे प्रिंस शास्त्री नगर की तरफ से नहर तक जाने वाले कच्चे रास्ते पर पहुंचा। सोनू भी उसके पीछे-पीछे वहां पहुंच गया। नहर की ग्रिल के पास उसने प्रिंस को पकड़कर रोकने की कोशिश की, लेकिन वह हाथ छुड़ाकर नहर में कूद गया।
तीन साल से मोबाइल पर गेम खेल रहा था
सोनू ने बताया कि प्रिंस करीब तीन साल से मोबाइल पर गेम खेल रहा था और मोबाइल हमेशा उसके पास रहता था। हालांकि, सोमवार को घर से निकलते समय वह मोबाइल भी घर छोड़ गया।
परिवार में पिता की कई साल पहले मौत हो चुकी है। सोनू प्लंबर का काम करके परिवार का पालन-पोषण करता है। रामनगर थाना एसएचओ दीपचंद ने बताया कि नहर में युवक की तलाश की जा रही है। अभी कोई सुराग नहीं लगा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।