करनाल में दीवाली पर अलर्ट रहेंगे अस्पताल, 20 से अधिक बेड रखे जाएंगे रिजर्व
करनाल जिले के सरकारी और निजी अस्पताल दीवाली पर्व पर आतिशबाजी और दुर्घटनाओं से निपटने के लिए अलर्ट पर रहेंगे।

दीवाली पर अलर्ट मोड में रहेंगे जिले के अस्पताल।
HighLights
सरकारी-निजी अस्पताल दिवाली पर रहेंगे अलर्ट मोड पर।
पटाखों से जलने, चोटों के लिए विशेष तैयारी।
आपातकालीन सेवाओं हेतु 20 से अधिक बेड आरक्षित।
जागरण संवाददाता, करनाल। दीवाली पर्व के दौरान आतिशबाजी और अन्य दुर्घटनाओं से होने वाले हादसों से निपटने के लिए जिले के सरकारी और निजी अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
पटाखों के कारण जलने, आंखों में चोट और सांस संबंधी समस्याओं के मामलों में बढ़ोतरी की आशंका को देखते हुए अस्पतालों में आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं मजबूत की जाएंगी। उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि प्रदेश सरकार ने इस संबंध में विशेष एडवाइजरी जारी की है।
निर्देशों के अनुसार सभी सरकारी और निजी अस्पतालों में बर्न वार्ड अलग से तैयार रखने को कहा गया है। आपातकालीन केंद्रों में ब्रोंकोडायलेटर्स, ऑक्सीजन सिलेंडर और बर्न ट्रीटमेंट किट सहित जरूरी दवाओं व चिकित्सा उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करनी होगी। सरकारी अस्पतालों में 20 से अधिक बेड आपातकालीन परिस्थितियों के लिए आरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं।
दीवाली के दौरान सामान्य दिनों की तुलना में सड़क हादसों, झुलसने और आंखों में चोट लगने की घटनाएं बढ़ने की आशंका रहती है। इसे देखते हुए इमरजेंसी विभाग के साथ नेत्र रोग, आर्थोपेडिक और सर्जरी विभागों में भी बेड आरक्षित रखे जाएंगे।
संबंधित विशेषज्ञों को अलर्ट मोड पर रहने और आन-कॉल ड्यूटी देने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके। उपायुक्त ने बताया कि किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सरकारी और निजी क्षेत्र के विशेषज्ञों को उपलब्ध रहने के निर्देश दिए गए हैं।
बर्न मरीजों के उपचार के लिए पर्याप्त स्ट्रेचर, बेड, आईवी स्टैंड, आइवी सोल्यूशन और एंटीबायोटिक्स का प्रबंध भी किया जाएगा। दीवाली के दौरान चिकित्सा कर्मियों और विशेषज्ञों को शहर से बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी। नेत्र रोग और ईएनटी विशेषज्ञों की टीमें अस्पतालों में उपलब्ध रहेंगी। गंभीर मरीजों के त्वरित उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर और आइसीयू में भी विशेष रूप से बेड आरक्षित रखे जाएंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।