सांसारिक मोह माया में उलझा इंसान परमात्मा से हो रहा विमुख : मुरारी
जागरण संवाददाता, करनाल : सेक्टर-8 स्थित श्रीराम मंदिर में शिव भोले का पंचामृत स्नान करवाया
जागरण संवाददाता, करनाल : सेक्टर-8 स्थित श्रीराम मंदिर में शिव भोले का पंचामृत स्नान करवाया गया। भक्त मंडली ने भजनों के माध्यम से शिव की महिमा का बखान किया। अनु खट्टर ने हम धूम मचाने आ गए श्री राधे तेरे बरसाने में गाया तो श्रद्धालु झूमने पर विवश हो गए। मुख्य यजमान चार चमन निवासी अनिल ग्रोवर ने सपरिवार भोलेनाथ का श्रृंगार किया और हवन में आहुतियां डाली। भक्त मुरारी बतरा ने मानव को प्रभु से नाता जोड़े रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि परमपिता परमात्मा ने यह जीवन भवसागर से पार उतारने के लिए दिया है। सांसारिक मोह माया में उलझा इंसान परमात्मा से विमुख हो जाता है। हमें हर घड़ी प्रभु सुमिरन करना चाहिए। तभी भवसागर से पार उतरा जा सकता है। प्रत्येक रविवार श्रीराम मंदिर में शिव भोले को पंचामृत स्नान करवाया जाता है। इस अवसर पर मंदिर सभा के प्रधान जगन्नाथ बतरा, इंदू ग्रोवर, अशोक मदान, वेद दुआ, दयानंद मदान, सोनिया ग्रोवर, साजन ग्रोवर, अक्षय ग्रोवर, सोयम खट्टर, अनु खट्टर, हिमांशु ग्रोवर, शिक्षाविद नीलम दहिया, रवि गन्नौत्रा, चांद बवेजा, कैलाश गाबा, सुमन गाबा, कमलेश कपूर, तरसेम गुप्ता व चंदन मौजूद रहे।