विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा रोडवेज के बेड़े में शामिल होंगी 500 नई बसें, दिल्ली सहित 21 शहरों के लिए दौड़ेंगी

Published: Fri, 20 Nov 2026 03:48 PM (IST)

हरियाणा रोडवेज अपने बेड़े में 500 नई स्टैंडर्ड नॉन-एसी डीजल बसें शामिल करने जा रहा है, जिससे यात्रियों का लंबा इंतजार खत्म होगा। 

रोहतक बस अड्डा (फोटो- जागरण आर्काइव)

रोहतक बस अड्डा (फोटो- जागरण आर्काइव)

HighLights

  1. हरियाणा रोडवेज में 500 नई बसें होंगी शामिल।

  2. भिवानी को 40, यमुनानगर को 35 बसें आवंटित।

  3. यात्रियों को समय पर बसें, रूट मिस नहीं होंगे।

विशाल कौशिक, करनाल। हरियाणा रोडवेज के यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। लंबे समय से जिन नई बसों का इंतजार किया जा रहा था, अब वह इंतजार खत्म होने वाला है।

राज्य परिवहन निदेशालय ने 500 नई स्टैंडर्ड नॉन-एसी डीजल बसों का डिपो वाइज आवंटन अंतिम रूप से जारी कर दिया है। निदेशालय ने पत्र जारी कर अशोक लेलैंड लिमिटेड को आदेश दिए हैं कि वह सप्लाई आर्डर अनुसार सभी बसों की डिलीवरी संबंधित डिपो में निर्धारित शेड्यूल के अनुसार सुनिश्चित करे। इससे पहले 11 नवंबर को पत्र जारी किया था।

रोडवेज महाप्रबंधकों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे कंपनी के साथ समन्वय बनाकर अपने-अपने डिपो में बसों की डिलीवरी के लिए आवश्यक व्यवस्था करें।

किस डिपो को कितनी बसें

आवंटन सूची के अनुसार भिवानी डिपो को सबसे ज्यादा 40 बसें मिलेंगी। यमुनानगर को 35, सिरसा को 32, हिसार को 25, कैथल को 25, फरीदाबाद को 26, कुरुक्षेत्र को 25, फतेहाबाद को 25 बसें दी जाएंगी।

वहीं दिल्ली को 20, गुरुग्राम को 20, झज्जर को 16, जींद को 20, करनाल को 20, नारनौल को 20, पानीपत को 20, रेवाड़ी को 20, सोनीपत को 20, अंबाला को 20, चंडीगढ़ को 14, पंचकूला को 20, चरखी दादरी को 12 बसें आवंटित की गई हैं। इस प्रकार कुल 500 बसों का आवंटन पूरा किया गया है।

बसों की कमी से जूझ रहे थे डिपो

प्रदेश के अधिकांश डिपो लंबे समय से बसों की कमी से जूझ रहे थे। कई डिपो में पुरानी बसें कंडम हो चुकी हैं, तो कई बसें मरम्मत के लिए वर्कशाप में खड़ी रहती हैं।

इसका सीधा असर यात्रियों पर पड़ रहा था। सुबह व शाम के पीक आवर में बसें न मिलने से छात्र, कर्मचारी, महिलाएं व ग्रामीण यात्री परेशान होते थे। कई बार तो रूट मिस होने के कारण यात्रियों को प्राइवेट वाहनों में अधिक किराया देकर यात्रा करनी पड़ती थी।

यात्रियों को मिलेगी यह सुविधा

नई बसें आने से यात्रियों को सबसे बड़ा फायदा समय पर बस मिलने के रूप में होगा। रूट मिस नहीं होंगे और बसों की फ्रीक्वेंसी बढ़ेगी। ग्रामीण रूटों पर भी बस सेवा मजबूत होगी, जहां अक्सर बसों की कमी के कारण सेवा बाधित रहती है। विद्यार्थियों व नौकरीपेशा लोगों को समय पर गंतव्य तक पहुंचने में आसानी होगी।

इसके अलावा नई बसों में यात्रियों को आरामदायक व सुरक्षित यात्रा मिलेगी। पुरानी बसों में अक्सर ब्रेकडाउन, धुआं व सीटों की टूट-फूट की शिकायत रहती थी। नई बसों में ऐसी परेशानी नहीं होगी। रोडवेज की आय में भी बढ़ोतरी की उम्मीद है, क्योंकि समय पर व अधिक बसें चलने से यात्रियों का भरोसा बढ़ेगा।

समय पर डिलीवरी के निर्देश

निदेशालय ने अशोक लेलैंड कंपनी को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वह बसें भेजने से पहले संबंधित महाप्रबंधकों से समन्वय करे, ताकि डिपो में समय पर रिसीविंग हो सके। महाप्रबंधकों को भी कहा गया है कि वे अपने डिपो में बसों की डिलीवरी के लिए सभी आवश्यक प्रबंध पहले से कर लें।

बसों को लेकर मुख्यालय व कंपनी को लिखेंगे पत्र

रोडवेज डिपो करनाल के जीएम कुलदीप सिंह ने बताया कि नई बसों के बेड़े में शामिल होते ही प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन और मजबूत होगा। वहीं, बसें जल्द आएं इसके लिए मुख्यालय व कंपनी को पत्र लिखेंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।