विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा रोडवेज के 797 कंडक्टर बने सब-इंस्पेक्टर, दीपावली से पहले नायब सरकार का तोहफा; प्रमोशन के बाद बढ़ी सैलरी

Published: Sat, 07 Nov 2026 04:28 PM (GMT+05:30)

हरियाणा सरकार ने रोडवेज कर्मचारियों को दिवाली का तोहफा दिया है। राज्य परिवहन विभाग ने 797 कंडक्टरों को पदोन्नत कर सब-इंस्पेक्टर बनाया है, जिससे उन्हें नया वेतनमान और सम्मान मिलेगा।

फोटो एआई द्वारा जनरेट की गई है।

फोटो एआई द्वारा जनरेट की गई है।

HighLights

  1. 797 रोडवेज कंडक्टरों को सब-इंस्पेक्टर के पद पर पदोन्नति

  2. पदोन्नत कर्मचारियों को अब एफपीएल-4 वेतनमान में मिलेगा वेतन

  3. मेरिट-सिनियोरिटी के आधार पर हुई पदोन्नति, एक साल प्रोबेशन

विशाल कौशिक, करनाल। दीवाली के बाद हरियाणा सरकार ने रोडवेज कर्मचारियों को ऐसा तोहफा दिया है, जिससे सैकड़ों परिवारों में खुशी की लहर दौड़ गई। राज्य परिवहन विभाग ने हरियाणा रोडवेज के 797 कंडक्टरों को पदोन्नत कर सब-इंस्पेक्टर बना दिया है। जिसमें से करनाल से 27 कंडक्टर सब इंस्पेक्टर बने हैं।

महानिदेशक राज्य परिवहन निखिल गजराज, आईएएस की ओर से को जारी आदेश में यह पदोन्नति तत्काल प्रभाव से लागू की गई है। आदेश जारी होते ही डिपो में मिठाइयां बंटने लगीं और कर्मचारियों ने एक-दूसरे को बधाई दी।

विभाग के अनुसार यह पदोन्नति हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा जारी मेरिट-सिनियोरिटी सूची के आधार पर की गई है। पदोन्नत कंडक्टरों को अब 5200-20200 प्लस 2400 ग्रेड पे (प्री-रिवाइज्ड) यानी अब एफपीएल-4 वेतनमान में वेतन मिलेगा। इससे उनकी सैलरी में बढ़ोतरी होगी और साथ ही पद का सम्मान भी बढ़ेगा। लंबे समय से प्रमोशन का इंतजार कर रहे कंडक्टरों के लिए यह फैसला किसी दिवाली बोनस से कम नहीं है।

हर जिले के कंडक्टरों को मिला लाभ

प्रमोशन सूची में प्रदेश के लगभग सभी डिपो के कर्मचारी शामिल हैं। भिवानी के नागेश कुमार, दिल्ली के नौराज कुमार, सोनीपत के नसीब सिंह और आजाद सिंह, अंबाला के सलिंदर सिंह, पंचकूला के अनिल कुमार और रणदीप सिंह, पानीपत के विनोद कुमार और कमलेंदर राठी, रोहतक के सुधीर कुमार, नरेंद्र सिंह, राजेश कुमार और सुरेश, चंडीगढ़ के अनुज कुमार और सतीश, करनाल के कृष्ण, शरवन कुमार और सतपाल सिंह, फतेहाबाद के राजेश कुमार और दर्शन,

झज्जर के संदीप कुमार, अनिल और रॉब सिंह, कैथल के अमरिंदर सिंह गिल, रिषी पाल, तरसेम कुमार, फूल कुमार, जींद के कुलदीप कुमार, मनोज, ओम प्रकाश, कुलदीप सिंह, हिसार के नरेंद्र कुमार, मंजीत सिंह, संजय कुमार समेत 797 नाम सूची में हैं। कर्मचारियों का कहना है कि कंडक्टर के रूप में उन्होंने सालों तक सर्दी-गर्मी, बारिश और त्योहारों में भी बसों में ड्यूटी की है। यात्रियों की सेवा करते हुए उन्हें इस सम्मान का इंतजार था। अब सब-इंस्पेक्टर बनने के बाद उनका मनोबल और बढ़ेगा।

इन शर्तों पर मिलेगा लाभ, एक साल रहेगा प्रोबेशन

विभाग ने प्रमोशन को कुछ शर्तों के साथ लागू किया है। सभी पदोन्नत कर्मचारी एक साल तक प्रोबेशन पर रहेंगे। पोस्टिंग आदेश बाद में अलग से जारी किए जाएंगे। तब तक सभी कर्मचारी अपनी मौजूदा ड्यूटी पर ही काम करते रहेंगे। यदि कोई सीनियर छूट गया पाया गया तो सबसे जूनियर को बिना कारण बताए रिवर्ट किया जाएगा।

अनुशासनात्मक कार्रवाई, कोर्ट केस या विजिलेंस जांच लंबित होने पर प्रमोशन रोककर पद रिजर्व रखा जाएगा। अंतिम निपटान के बाद ही प्रमोशन पर विचार होगा। यदि पिछले 10 साल की एसीआर में प्रतिकूल टिप्पणी मिली या 70 प्रतिशत से कम एसीआर गुड या उससे ऊपर नहीं हुई, तो प्रमोशन आदेश निष्प्रभावी माना जाएगा।
------------
कर्मचारी संगठनों ने किया स्वागत
रोडवेज कर्मचारी संगठनों ने सरकार के इस फैसले का दिल से स्वागत किया है। संगठनों का कहना है कि इससे न केवल कर्मचारियों को आर्थिक लाभ मिलेगा, बल्कि रोडवेज में अनुशासन और कार्यक्षमता भी बढ़ेगी। सब-इंस्पेक्टर के रूप में अब ये कर्मचारी डिपो में जांच, टिकट व्यवस्था और यात्री सुविधाओं की निगरानी में अहम भूमिका निभाएंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।