क्या इतनी सस्ती है जिंदगी? हरियाणा में चलती रोडवेज बस में 10 मिनट तक फोन पर लगा रहा ड्राइवर, वीडियो वायरल
करनाल में हरियाणा रोडवेज के एक बस चालक का चलती बस में फोन पर बात करते हुए वीडियो वायरल हुआ ...और पढ़ें
HighLights
हरियाणा रोडवेज बस चालक चलती बस में फोन पर बात करता दिखा
चालक ने 10 मिनट तक फोन पर बात करते हुए बस चलाई, वीडियो वायरल
जीएम ने चालक प्रदीप को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है
राकेश चौहान, करनाल। हरियाणा रोडवेज की चलती बस में चालक के मोबाइल पर बात करने का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो बुधवार सुबह बाहरी गांव से असंध रूट पर चल रही रोडवेज बस का बताया जा रहा है।
बस में बड़ी संख्या में सवारियां मौजूद थीं और चालक करीब पांच से दस मिनट तक मोबाइल पर बात करते हुए बस चलाता रहा। इस दौरान वह दूसरे वाहनों को ओवरटेक भी करता दिखाई दे रहा है।
वायरल वीडियो में चालक एक हाथ से मोबाइल पकड़े हुए बातचीत करता नजर आ रहा है, जबकि दूसरे हाथ से बस चला रहा है। चलती बस में इस तरह मोबाइल का इस्तेमाल करना यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा माना जा रहा है।
चालक की एक छोटी सी चूक भी बस में सवार यात्रियों के साथ सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के लिए भारी पड़ सकती थी।
— hema sharma nainwal (@Hemanainwal) September 15, 2026
वीडियो रोडवेज महाप्रबंधक कुलदीप के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने तत्काल संबंधित चालक प्रदीप को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। जीएम ने बताया कि चालक का जवाब मिलने के बाद मामले की जांच कर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
रोडवेज बसों में चालक और परिचालक की जिम्मेदारी यात्रियों को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने की होती है। ऐसे में ड्यूटी के दौरान मोबाइल पर बातचीत का मामला सामने आने से विभागीय व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं।
