विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा में कंप्यूटर फैकल्टी और लैब अटेंडेंट को बड़ी राहत, नायब सरकार ने दिया दो महीने का मानदेय; 11.72 करोड़ रुपये

Published: Sat, 07 Nov 2026 04:33 PM (IST)

हरियाणा के सरकारी स्कूलों में कंप्यूटर फैकल्टी और लैब अटेंडेंट के सितंबर-अक्टूबर के मानदेय के लिए 11.72 करोड़ रुपये का बजट जारी किया गया है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (फाइल फोटो)

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (फाइल फोटो)

HighLights

  1. कंप्यूटर फैकल्टी और लैब अटेंडेंट को बड़ी राहत मिली।

  2. सितंबर-अक्टूबर के मानदेय के लिए 11.72 करोड़ रुपये जारी।

  3. राशि सीधे ट्रेजरी से कर्मचारियों के खाते में आएगी।

विशाल कौशिक, करनाल। हरियाणा के सरकारी स्कूलों में कार्यरत कंप्यूटर फैकल्टी और कंप्यूटर लैब अटेंडेंट के लिए खुशखबरी है। विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने दीपावली से पहले सितंबर और अक्टूबर 2026 के मानदेय के लिए 11 करोड़ 72 लाख 19 हजार 484 रुपये का बजट जारी कर दिया है।

महानिदेशक माध्यमिक शिक्षा की ओर से जारी पत्र अनुसार सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को यह राशि तुरंत संबंधित स्कूलों को ट्रांसफर करने के निर्देश दिए गए हैं। निदेशालय के अनुसार यह बजट आईसीटी स्कीम के तहत 2202- जनरल एजुकेशन हेड से आवंटित किया गया है। इसका लाभ प्रदेश के कुल 1871 कंप्यूटर फैकल्टी और 2079 कंप्यूटर लैब अटेंडेंट को मिलेगा।

कंप्यूटर फैकल्टी को 18 हजार रुपये प्रतिमाह और लैब अटेंडेंट को 12 हजार रुपये प्रतिमाह की दर से दो महीने का मानदेय दिया जाएगा। फैकल्टी के लिए कुल 6 करोड़ 73 लाख 56 हजार रुपये और अटेंडेंट के लिए 4 करोड़ 98 लाख 63 हजार 484 रुपये आवंटित किए गए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी रोहतास वर्मा का कहना है कि जारी निर्देशों का पालन किया जाएगा।

जिलेवार बजट: जींद को सबसे ज्यादा, नूंह को सबसे कम

जिलेवार आवंटन में जींद को सबसे अधिक 81 लाख 84 हजार रुपये मिले हैं। यहां 120 फैकल्टी और 161 अटेंडेंट कार्यरत हैं। इसके बाद सोनीपत को 73 लाख 56 हजार, सिरसा को 73 लाख 08 हजार, हिसार को 70 लाख 92 हजार, झज्जर को 68 लाख 88 हजार और करनाल को 65 लाख 28 हजार रुपये मिले हैं। रोहतक को 61 लाख 92 हजार, कैथल, भिवानी और महेंद्रगढ़ को 57-57 लाख,

फतेहाबाद को 56 लाख 40 हजार, रेवाड़ी को 56 लाख 04 हजार, अंबाला को 53 लाख 91 हजार, कुरुक्षेत्र को 45 लाख 48 हजार, यमुनानगर को 41 लाख 52 हजार, पानीपत को 39 लाख 96 हजार रुपये आवंटित हुए हैं।

चरखी दादरी को 36 लाख, गुरुग्राम को 36 लाख 48 हजार, पलवल को 36 लाख 24 हजार, फरीदाबाद को 30 लाख 96 हजार, पंचकूला को 24 लाख 72 हजार, हांसी को 24 लाख 12 हजार और नूंह-मेवात को सबसे कम 22 लाख 80 हजार रुपये मिले हैं।

उपस्थिति के आधार पर होगा भुगतान, डेपुटेशन वालों के लिए अलग नियम

निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि प्रिंसिपल व हेडमास्टर वास्तविक उपस्थिति के अनुसार यूसीपी यानि यूनिक कोड फार पेमेंट के माध्यम से ट्रेजरी से भुगतान करेंगे। केवल इन-पोजिशन फैकल्टी और अटेंडेंट को ही भुगतान होगा। जो फैकल्टी या अटेंडेंट डेपुटेशन पर हैं, उनका मानदेय उनके मूल स्कूल से जारी होगा।

कर्मचारियों ने फैसले का किया स्वागत

निदेशालय ने सभी ट्रेजरी अधिकारियों, बजट कंट्रोलिंग अथारिटी, प्रिंसिपलों और बजट एंड प्लानिंग अधीक्षक को भी प्रति भेजी है, ताकि भुगतान में देरी न हो। लंबे समय से मानदेय का इंतजार कर रहे कर्मचारियों ने इस फैसले का स्वागत किया है। उनका कहना है कि त्योहारों के बाद यह राशि मिलने से परिवार को बड़ी राहत मिलेगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।