उप्र के किसानों ने लगाए फसल उजाड़ने के आरोप
संवाद सहयोगी, इंद्री : यमुना नदी क्षेत्र में हरियाणा के नबियाबाद और सहारनपुर के धुंधा माजर
संवाद सहयोगी, इंद्री : यमुना नदी क्षेत्र में हरियाणा के नबियाबाद और सहारनपुर के धुंधा माजरा के किसानों के बीच 30 एकड़ कृषि जमीन के लिए चल रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। उप्र के किसानों ने हरियाणा के लोगों पर पुलिस की मौजूदगी में फसल उजाड़ने के आरोप लगाए हैं। मंगलवार को किसान सोहनवीर सैनी, जगपाल, विकास शर्मा, विनोद ने इंद्री के एसडीएम से मुलाकात कर निष्पक्ष कार्रवाई की गुहार लगाई है। जानकारी मिली है कि जल्द ही करनाल के उच्चाधिकारी और सहारनपुर के डीएम के बीच बैठक होगी।
किसान जगपाल व विकास शर्मा का कहना है कि एक दिन पहले हरियाणा पुलिस की मौजूदगी में उनकी फसल उजाड़ दी गई। उनकी सूचना के बाद मौके पर नुक्कड़ कोतवाली (उप्र) की पुलिस मौके पर पहुंची थी और हरियाणा के उच्चाधिकारियों से बात कर उप्र पुलिस ने खेतों की जुताई रुकवाई थी। हरियाणा के लोगों की शिकायत पर पुलिस ने उन पर मामला दर्ज किया है और 8-9 किसान गिरफ्तार भी हो चुके हैं। उनका कहना है कि वे भी इस मामले में उप्र प्रशासन को भी शिकायत करेंगे।
गौरतलब है कि हरियाणा के नबियाबाद और धुंधा माजरा के किसानों के बीच 28-30 एकड़ जमीन का विवाद चल रहा है। नबियाबाद के किसान जो¨गद्र और अन्य किसानों ने बयाना पुलिस चौकी में आरोप लगाया था कि 12 नवंबर को उप्र के सैकड़ों महिलाओं व पुरुषों ने उनकी जमीन पर ट्रैक्टर-हेरो एवं टीलर चलाकर कब्जा करने की कोशिश की। पुलिस ने उप्र के 100 से अधिक महिलाओं व पुरुषों पर केस दर्ज किया था।
बयाना पुलिस चौकी के इंचार्ज जयनारायण ने कहा कि नामजद 32-33 लोगों की अभी गिरफ्तारी नहीं हुई है। जमीन पर कोर्ट में केस चल रहा है। यदि उप्र के किसानों की भी सुनवाई की जाएगी और जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ मामला भी दर्ज किया जाएगा। इंद्री के एसडीएम सुमित सिहाग ने कहा कि उप्र के किसानों ने उनसे मुलाकात की है और अपना पक्ष रखा है। यह मामला डीसी की जानकारी में डाल दिया है। डीसी इस मामले के बारे में उत्तर प्रदेश के संबंधित डीएम से बातचीत करेंगे।