उप मुख्यमंत्री ने किया ध्वजारोहण, शहीदों को अर्पित की पुष्पांजलि
नई अनाज मंडी में 71वां गणतंत्र दिवस समारोह धूमधाम के साथ मनाया गया। उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने ध्वजारोहण किया तथा परेड की सलामी ली। उन्होंने शहीद स्मारक पर जाकर शहीदों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
जागरण संवाददाता, करनाल : नई अनाज मंडी में 71वां गणतंत्र दिवस समारोह धूमधाम के साथ मनाया गया। उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने ध्वजारोहण किया तथा परेड की सलामी ली। उन्होंने शहीद स्मारक पर जाकर शहीदों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उप मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानियों व शहीदों के परिवारजनों को शॉल व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मजबूती के साथ काम कर रही है। सरकार ने वर्ष 2020 को सुशासन संकल्प दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। नागरिकों को सरकारी सेवाएं प्रदान करने के लिए वर्ष भर सुशासन की नई-नई पहले करने पर बल दिया जाएगा। इसके तहत हर माह राजस्व दिवस भी मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा अध्यापक पात्र परीक्षा केन्द्र 50 किलो मीटर दायरे में करने का निर्णय लिया गया है। इतना ही नहीं हाल ही में हरियाणा सरकार द्वारा हरियाणा स्टाफ सलेक्शन कमीशन व हरियाणा लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं को भी इसी दायरे में करवाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार मौजूदा कॉलेजों के स्टाफ और बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी। मानव संसाधन विकास मंत्रालय द्वारा दिये गए दिशा-निर्देशों के स्वरूप वर्ष 2020 तक राज्य के सभी सरकारी कॉलेजों को राष्ट्रीय मूल्याकंन और प्रत्यायन परिषद से मान्यता सुनिश्चित करने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। प्रदेश में 450 नए चिकित्सक तथा सरकारी अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था के लिए 1652 होमगार्ड भी लगाए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि हरियाणा सरकार ने मात्र दो माह के अंदर ही 532 करोड़ रुपये की लागत से जींद में मेडिकल कॉलेज बनाने का निर्णय लिया है। इस मौके पर इंद्री के विधायक रामकुमार कश्यप, मेयर रेणु बाला गुप्ता, आईजी भारती अरोड़ा, उपायुक्त निशांत कुमार यादव, पुलिस अधीक्षक एसएस भौरिया, अतिरिक्त उपायुक्त अनीश यादव, पूर्व मंत्री शशिपाल मेहता, पूर्व विधायक मामू राम गोंदर, मोहन सिंह चौधरी उपस्थित थे। स्वतंत्रता सेनानी व शहीदों के स्वजनों को किया सम्मानित
स्वतंत्रता सेनानियों व शहीदों के स्वजनों को शॉल व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इनमें स्वतंत्रता सेनानी खुशी राम, इंद्र कौर, बिल्लो बाई, मुख्तयार सिंह, महेश शर्मा, कमलेश देवी, विमलेश कुमारी, नरेन्द्र सुखन, कलास देवी, बलवंत सिंह, राजेन्द्र सिंह, सुरेश पाल, चंद्र मोहन, मान सिंह सग्गू, अंजू रानी, ओम प्रकाश, सुखबीर सिंह, हरीश पाल सिंह, लखपत राज शास्त्री, प्रताप कुमार शर्मा, हवा सिंह व लीलावती शामिल हैं। परेड में हरियाणा पुलिस व झांकी में शुगर मिल रही प्रथम
उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने जिला के 48 विभूतियों को उत्कृष्ट सेवाओं एवं उपलब्धियां हासिल करने पर सम्मानित किया तथा समारोह के दौरान परेड में प्रथम हरियाणा पुलिस की टुकड़ी तथा झांकियों में शुगर मिल करनाल की झांकी ने प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। परेड में हरियाणा पुलिस की टुकड़ी प्रथम, आर्मी विग ब्वायज की टुकड़ी द्वितीय व महिला पुलिस करनाल की टुकड़ी तीसरे स्थान पर रही। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सभी प्रतिभागी टीमों को सम्मानित किया गया।