मुंह की बीमारियों का दिल पर होता है असर : डॉ. शिवानी
खराब दांतों से हृदय रोगों सहित कई अन्य स्वास्थ्य संबंधित जटिलताएं उत्पन्न हो सकती हैं। दांतों की परेशानी आपके दिल के लिए भी खतरनाक हो सकती है।
जागरण संवाददाता, करनाल : खराब दांतों से हृदय रोगों सहित कई अन्य स्वास्थ्य संबंधित जटिलताएं उत्पन्न हो सकती हैं। दांतों की परेशानी आपके दिल के लिए भी खतरनाक हो सकती है। क्योंकि दांतों की सड़न से 60 से 65 फीसद और पेरियोडेंटल बीमारियों से 50 से 90 फीसद तक जनसंख्या प्रभावित होती है। यह बात सेक्टर सात मार्केट स्थित डेंटल डेकोर क्लीनिक की दंत चिकित्सक डॉ. शिवानी कौशिक ने आर्य समाज मंदिर में आयोजित दंत चिकित्सा जांच शिविर में कही।
डॉ. शिवानी व डॉ. स्वरिणका वमर ने शिविर में आए मरीजों के दांतों का चेकअप किया व उचित सुझाव दिए। डॉ. शिवानी ने कहा कि 69 फीसद लोगों में पेरियोडेंटल (मसूडों) की बीमारियों के कारण समय-समय पर डायबीटीज (शुगर) होने का खतरा रहता है। जिस कारण दिल व खून के संचालन से संबंधित बीमारियां उत्पन्न होती हैं। मसूडों की बीमारियों के कारण हमारे शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता कम हो जाती है, जिसके कारण ब्लड शुगर को कंट्रोल करना लगभग असंभव सा हो जाता है। मसूडों की बीमारियों से कम से कम एक मिलियन कीटाणु एक सिगल दांत पर पाए जाते हैं। जिसके कारण दांत और मसूडों के बीच में गैप आ जाता है। खून के जरिये ये कीटाणु नसों से होते हुए दिल में प्रवेश करते हैं। जहां जाकर वह हृदय वाल्व में चिपक जाते हैं और सूजन का कारण बनते हैं और समय के साथ यह मर्ज बढ़ता चला जाता है। जिससे दिल की कई जटिल बीमारियां सामने आती हैं। डा. शिवानी ने बताया कि आर्य समाज मंदिर में शनिवार को भी जांच शिविर जारी रहेगा और रविवार को सेक्टर-13 निर्मल कुटिया में दंत चिकित्सा जांच शिविर लगाया जाएगा।