दूसरे देश के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए-मेयर
नगर निगम करनाल मेयर रेणु बाला गुप्ता ने कनाडा के सैरी शहर की निगम द्वारा एजेंडे में भारतीय किसानों को लेकर प्रस्ताव लाने की निदा की है। उन्होंने कहा कि किसी भी नगर निगम मेयर को दूसरे देश के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए।
जागरण संवाददाता, करनाल : नगर निगम करनाल मेयर रेणु बाला गुप्ता ने कनाडा के सैरी शहर की निगम द्वारा एजेंडे में भारतीय किसानों को लेकर प्रस्ताव लाने की निदा की है। उन्होंने कहा कि किसी भी नगर निगम मेयर को दूसरे देश के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए। भाजपा सरकार भी किसानों की समस्याओं को जानने के लिए 15 से ज्यादा बार किसानों के साथ बैठकें कर चर्चाएं कर चुकी है। हमारे देश व प्रदेश की सरकार हल निकालने के लिए लगातार काम कर रही है और इसका हल भी हमारे देश में ही होगा। ऐसे में हाल ही में कनाडा के सैरी शहर की नगर निगम मेयर द्वारा छह अप्रैल को किसानों के समर्थन में एजेंडे में प्रस्ताव रखा था। जोकि सरासर गलत है। नगर निगम सैरी की मेयर को हमारे देश की ऐसी व्यवस्था को लेकर कोई भी टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। मेयर को अपने शहर के विकास पर ध्यान देते हुए एजेंडे रखने चाहिए। दूसरे देश में राजनीति करना या दूसरे देश के कामों को एजेडों में रखना शोभनीय नहीं है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने बनते ही सबसे पहले किसानों की आय को दोगुनी करवाने का एलान किया था। इस मिशन पर सरकार काम कर रही है। दो साल पहले किसानों को वार्षिक छह हजार रुपये सहयोग के रूप में दिए जा रहे हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने किसानों को उनकी फसल के दाम सीधे उनके खाते में पहुंचाने का काम किया है और जिस किसान को गेहूं की पेमेंट मिलने में देरी होगी उसे ब्याज के साथ रकम पहुंचाई जाएगी। कृषि यंत्रों पर सब्सिडी मुहैया करवाई जा रही है। इस तरह की कई लाभकारी योजनाओं के माध्यम से किसानों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। जो आगे भी निरंतर रहेंगी।