डीजल-पेट्रोल मूल्य वृद्धि के विरोध में प्रदर्शन
आस फाउंडेशन ने पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में उपाध्यक्ष रानी कांबोज की अगुवाई में प्रदर्शन किया।
जागरण संवाददाता, करनाल: आस फाउंडेशन ने पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में उपाध्यक्ष रानी कांबोज की अगुवाई में प्रदर्शन किया। फाउंडेशन के सदस्य और युवा बाइक तथा स्कूटी के साथ लघु सचिवालय पहुंचे। यहां सभी सदस्यों ने एक साथ हॉर्न बजाकर सरकार और प्रशासन से कीमतें वापस लेने का आह्वान किया। साथ ही मुख्यमंत्री के नाम डीसी को ज्ञापन सौंपा।
आस उपाध्यक्ष रानी कांबोज ने कहा कोरोना जैसी महामारी के दौरान जनता पहले से ही त्रस्त है। व्यापारी, युवा, किसान सभी वर्ग परेशान हैं। करनाल में व्यापारी आत्महत्या तक कर रहे हैं। ऐसे में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी आग में घी का काम करेगी। ऑटो रिक्शा वाले, टैक्सी वाले सभी बेरोजगारी के कगार पर खड़े हैं। बच्चों की फीस और किताबों के खर्चे तक के लिए लोन ले रहे हैं। पेट्रोल और डीजल की इन बढ़ी कीमतों का असर सब्जी, दाल, फल और दूध सहित सभी जरूरी चीजों पर पड़ेगा। ट्रांसपोर्ट महंगा होने से सभी जरूरी चीजें महंगी हो जाएंगी। कोरोना काल में अधिकतर पब्लिक ट्रांसपोर्ट बंद हैं। ऐसे में प्राइवेट गाड़ियों पर ही जनता निर्भर है।
वक्ताओं ने कहा कि देश में पहली बार डीजल की कीमतें पेट्रोल से ज्यादा हुई हैं। डीजल पहले सस्ता होने की वजह से लोग इसकी गाड़ी ज्यादा पैसे देकर खरीदते थे, परंतु इस हालात में लोग खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें गिरी हैं मगर सरकार वैट जोड़ते हुए कीमतें बढ़ाकर जनता पर दोहरी मार डाल रही है। इस मौके पर धीरज कुमार, दीपक मेहरा, सागर, जसबीर कौर, काजल सचदेवा, जतीन, प्रवीन कुमार, सतपाल, कुलदीप, रोहित, रवि तिवारी, मौसम अली, गौरव, गुलाब पाल और सुखबीर मौजूद रहे।