विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

करनाल में जुटे 4 देशों के कृषि वैज्ञानिक, 21 दिनों तक सीखी स्मार्ट और टिकाऊ खेती की नई तकनीक

Published: Thu, 19 Nov 2026 03:02 PM (IST)

केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान, करनाल में दक्षिण एशिया के चार देशों के 20 कृषि वैज्ञानिकों ने टिकाऊ और जलवायु अनुकूल कृषि पर तीन सप्ताह का प्रशिक्षण पूरा किया।

सीएसएसआरआई में मौजूद कृषि विशेषज्ञ (फोटो- जागरण टीम)

सीएसएसआरआई में मौजूद कृषि विशेषज्ञ (फोटो- जागरण टीम)

HighLights

  1. दक्षिण एशिया के 20 कृषि वैज्ञानिकों ने लिया प्रशिक्षण।

  2. टिकाऊ और जलवायु अनुकूल कृषि पर केंद्रित कार्यक्रम।

  3. संरक्षण कृषि, आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान दिया।

जागरण संवाददाता, करनाल। दक्षिण एशिया में टिकाऊ और जलवायु अनुकूल कृषि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान (सीएसएसआरआई), करनाल में आयोजित तीन सप्ताह का अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हो गया।

इसमें बांग्लादेश, भूटान, भारत और नेपाल के 20 कृषि वैज्ञानिकों एवं तकनीकी विशेषज्ञों ने भाग लिया। 17 नवंबर तक चले इस 14वें प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागियों को संरक्षण कृषि और पुनर्योजी कृषि की आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

इस कार्यक्रम का संयुक्त आयोजन अंतरराष्ट्रीय मक्का एवं गेहूं सुधार केंद्र (सीमीट), बोरलाग इंस्टीट्यूट फार साउथ एशिया और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद ने किया। वर्ष 2010 से संचालित यह प्रशिक्षण शृंखला संरक्षण कृषि के क्षेत्र में वैज्ञानिकों की क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

आधुनिक कृषि तकनीकों का दिया प्रशिक्षण

21 दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान वैज्ञानिकों को संरक्षण कृषि, एकीकृत कृषि प्रणाली, फसल विविधीकरण, अंतरवर्तीय खेती, परिशुद्ध कृषि, ड्रोन तकनीक, मृदा मूल्यांकन और नमूना संग्रहण सहित विभिन्न विषयों की जानकारी दी गई।

इसके अलावा जलवायु परिवर्तन के अनुकूलन एवं शमन, कृषि में कार्बन ट्रेडिंग और दीर्घकालिक प्रयोगों के जरिए कृषि नीतियों के लिए वैज्ञानिक साक्ष्य तैयार करने जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई।

प्रतिभागियों ने भारतीय गेहूं एवं जौ अनुसंधान संस्थान, करनाल, भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान संस्थान, मोदीपुरम और बीसा लुधियाना का भ्रमण किया।

किसानों तक तकनीक पहुंचाने का आह्वान

समापन समारोह में सीमीट के भारत प्रतिनिधि एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रमुख डा. महेश गठाला ने संरक्षण कृषि के विस्तार में अनुसंधान, संस्थागत साझेदारी और किसानों की सक्रिय भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।

सीएसएसआरआइ के निदेशक डा. सतीश कुमार सनवाल और पूर्व निदेशक डा. प्रबोध चंद्र शर्मा ने सतत कृषि के लिए निरंतर क्षमता निर्माण पर जोर दिया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।