आरोपितों की गिरफ्तारी न होने पर एसपी को शिकायत
मंदबुद्धि से दुष्कर्म के आरोपित को गिरफ्तार नहीं करने पर पीड़िता की मां ने एसपी को शिकायत दी।
संवाद सहयोगी, इंद्री : क्षेत्र के एक गांव में मंदबुद्धि दुष्कर्म पीड़िता का परिवार न्याय के लिए भटक रहा है। तीन सप्ताह बीतने के बाद आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार नहीं किया। पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि महिला पुलिस की जांच अधिकारी मामले में समझौते के लिए दबाव बना रही है। गांव के कुछ लोग घर से निकालने की धमकियां दे रहे हैं। महिला ने बेटी के साथ एसपी को शिकायत दी।
पीड़िता की मां ने एसपी को शिकायत में कहा कि वह मेहनत मजदूरी करती है। पिछले महीने की 30 तारीख को वे पति-पत्नी मजदूरी के लिए बाहर गए हुए थे। उस दिन घर पर बेटी के साथ गांव के ही एक व्यक्ति ने दुष्कर्म किया और एक अन्य व्यक्ति ने भी उसका साथ दिया।
मामले की जांच अधिकारी ने कई बार थाना में बुलाया और समझौते के लिए दबाव बनाया। पुलिस अधिकारी बार-बार धमका रही है। शिकायत में कहा गया कि गांव में भी कुछ लोगों ने जीना मुश्किल कर दिया है। गांव के कुछ लोग भी गांव से निकालने की धमकी दे रहे हैं।
उधर, जांच अधिकारी शारदा रानी ने कहा कि आरोपित की तलाश की जा रही है। गिरफ्तारी के लिए कई बार रेड कर चुके हैं। आरोपित को जब थाने बुलाया गया तो शिकायकर्ता पहचान के लिए नहीं आई। पुलिस अधिकारी ने कहा कि शिकायकर्ता पर कोई दबाव नहीं बनाया गया है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप