विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'कांग्रेस ने SIR को लेकर झूठ का गुब्बारा खड़ा किया', CM नायब सैनी ने करनाल में विपक्ष पर बोला हमला

Published: Thu, 05 Nov 2026 02:28 PM (IST)

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर एसआईआर (मतदाता सूची पुनरीक्षण) को लेकर देश में भ्रम फैलाने का आरोप लगाया।

कांग्रेस ने एसआईआर को लेकर झूठ का गुब्बारा खड़ा किया: नायब सैनी।

कांग्रेस ने एसआईआर को लेकर झूठ का गुब्बारा खड़ा किया: नायब सैनी।

HighLights

  1. मुख्यमंत्री सैनी ने कांग्रेस पर एसआईआर झूठ फैलाने का आरोप लगाया।

  2. अमित शाह हरियाणा में कांग्रेस के भ्रामक प्रचार का पर्दाफाश करेंगे।

  3. एसआईआर प्रक्रिया 1952 से जारी है, यह नई व्यवस्था नहीं।

जागरण संवाददाता, करनाल। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर एसआईआर (मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर देश में भ्रम और झूठ फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इस मुद्दे पर झूठ का गुब्बारा खड़ा करके देश में भ्रामक प्रचार करने का प्रयास किया है।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह इसी झूठ का पर्दाफाश करने और भाजपा कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करने के लिए हरियाणा की धरती पर पहुंचे हैं।

वीरवार को करनाल में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री ने अमित शाह का स्वागत करते हुए कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया कोई नई व्यवस्था नहीं है।

इसकी शुरुआत वर्ष 1952 में हुई थी। इसके बाद 1957, 1967 और समय-समय पर अन्य वर्षों में भी यह प्रक्रिया अपनाई जाती रही है। वर्ष 2002 और 2004 के बाद अब 2025 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में यह प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष ने एसआईआर को लेकर झूठ का ऐसा गुब्बारा खड़ा किया है, जिसे अमित शाह फोड़ने के लिए हरियाणा आए हैं। उन्होंने कांग्रेस के प्रचार की तुलना धुएं के गुब्बारे से करते हुए कहा कि यह हाथ में पकड़ में नहीं आता, लेकिन आंखों में लगकर आंसू निकालने और प्रदूषण फैलाने का काम करता है। कांग्रेस भी इसी प्रकार देश में भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अमित शाह के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में भाजपा कार्यकर्ता इस अभियान को आगे बढ़ाएंगे। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता नीचे तक जाकर घर-घर और गांव-गांव में लोगों को एसआईआर की वास्तविकता से अवगत कराएगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के प्रति विश्वास और नागरिक कर्तव्य की भावना के साथ कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर विपक्ष के भ्रामक प्रचार का जवाब देंगे।

नायब सिंह सैनी ने कहा कि अमित शाह का हरियाणा की ऐतिहासिक भूमि पर आगमन पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए मार्गदर्शन का अवसर है। उनके द्वारा दिए गए संदेश को कार्यकर्ता जन-जन तक पहुंचाने का काम करेंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।