खूबसूरत वॉल पेंटिग से चमकेगा शहर : आयुक्त
चित्रों की क्वालिटी को लेकर आयुक्त ने बताया कि इन्हें इनैमल पेंट से बनाया जा रहा है। इसमें चमक ज्यादा होती है मौसम का कोई प्रभाव नहीं पड़ता। साथ ही यह लंबे समय तक वजूद में बनी रहती हैं।
जागरण संवाददाता, करनाल : नगर निगम शहर के सुंदरीकरण में जुटा है। अपना शहर खूबसूरत वॉल पेंटिग से चमकेगा। माल रोड, राम नगर स्थित विवेकानंद पार्क, रेलवे रोड, आइटीआइ चौक से कुंजपुरा रोड मार्ग तथा आइटीआइ चौक से ही चंडीगढ़ और दिल्ली की ओर सड़क पर स्थित दीवारों पर आकर्षक पेंटिग का कार्य चल रहा है। अब तक 70 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। इस पर करीब 10 लाख रुपये खर्च होंगे। यह जानकारी निगम आयुक्त निशांत कुमार यादव ने दी।
उन्होंने बताया कि सुंदरीकरण के साथ-साथ वॉल पेंटिग प्रेरक और संदेशात्मक भी हैं, जो नजर पड़ते ही लोगों के मनोभाव पर प्रभाव डालती हैं। सामाजिक संदेश की बात करें तो स्वच्छ भारत मिशन से जुड़ी अनेक वॉल पेंटिग ली गई हैं, जिनमें पर्यावरण संरक्षण, भविष्य की जरूरत जल का सदुपयोग, प्लास्टिक को ना कहें, हरियालीकरण तथा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी आदर्श व सामाजिक संदेश से जुड़ी पेंटिग्स शामिल हैं। युवा पीढ़ी विशेषकर विद्यार्थियों को ऐसी पेंटिग से सीख मिलती है।
चित्रों की क्वालिटी को लेकर आयुक्त ने बताया कि इन्हें इनैमल पेंट से बनाया जा रहा है। इसमें चमक ज्यादा होती है, मौसम का कोई प्रभाव नहीं पड़ता। साथ ही यह लंबे समय तक वजूद में बनी रहती हैं।
निगम आयुक्त ने शहर के नागरिकों से अपील कि की सुंदरीकरण को लेकर वे भी अपना सहयोग दे सकते हैं। यदि कोई सार्वजनिक जगह या दीवार इत्यादि पेंटिग के लिए उपयुक्त लगे तो उसकी सूचना नगर निगम में दे सकते हैं।