'दीपेंद्र दे चुके हैं सफाई...', सज्जन कुमार मामले में भूपेंद्र हुड्डा ने किया बेटे का बचाव
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने करनाल में पत्रकारों से बातचीत में दीपेंद्र हुड्डा के सज्जन कुमार मामले पर सफाई देने की बात कही।

सज्जन कुमार से जुड़े मामले पर सांसद दीपेंद्र हुड्डा दे चुके हैं सफाई- भूपेंद्र हुड्डा
HighLights
दीपेंद्र हुड्डा ने सज्जन कुमार मामले पर दी सफाई
हुड्डा ने हरियाणा सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरा
किसानों के एमएसपी की कानूनी गारंटी का किया समर्थन
जागरण संवाददाता, करनाल। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा मंगलवार को दिल्ली जाते समय कुछ देर के लिए कर्ण लेक पर पहुंचे। यहां कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उनसे पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा की ओर से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को सांसद दीपेंद्र हुड्डा द्वारा सज्जन कुमार को लेकर दिए गए बयान को लेकर लिखे गए पत्र से जुड़े सवाल पर उनसे प्रतिक्रिया मांगी गई।
हुड्डा ने कहा कि इस मामले में दीपेंद्र हुड्डा की ओर से सफाई आ चुकी है। वह दावा करते हैं कि उन्होंने ऐसी कोई बात नहीं की है। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि इनेलो नेता अभय चौटाला की राजनीतिक जमीन खिसक चुकी है। वह इस समय विधानसभा के सदस्य भी नहीं है।
हुड्डा ने विधानसभा के मानसून सत्र को लेकर प्रदेश सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के पास अपनी उपलब्धियां बताने के लिए कुछ नहीं था और हर मुद्दे पर सदन में जनता को गुमराह करने का प्रयास किया गया। विपक्षी विधायकों को बात रखने में भी परेशानी हुई।
गुरुग्राम बारिश से हुए जलभराव पर हुड्डा ने कहा कि सरकार ने नालों और ड्रेनेज की सफाई पर ध्यान नहीं दिया। ड्रेनेज से पानी निकालने के लिए पंपिंग की व्यवस्था भी प्रभावी ढंग से नहीं चलाई गई। उन्होंने अवैध कालोनियों के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा और आरोप लगाया कि पिछले 12 वर्षों में बड़ी संख्या में अवैध कालोनियां विकसित हुई हैं। सरकार को बताना चाहिए कि इन्हें रोकने के लिए क्या कदम उठाए गए।
सफाई कर्मचारियों का सरकार करे समाधान
करनाल में लंबे समय से चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के सवाल पर हुड्डा ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने नियमितीकरण के मुद्दे पर कहा कि तीन वर्ष की सेवा पूरी करने वाले कर्मचारियों को नियमित करने के लिए पहले जो फार्मूला था, उसे लागू करने पर विचार किया जाना चाहिए।
किसानों के आंदोलन के संबंध में हुड्डा ने कहा कि किसान लगातार अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने किसानों को उनकी फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी देने की मांग का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि सरकार को किसानों की मांगों को गंभीरता से सुनकर समाधान की दिशा में कदम उठाने चाहिए।
