भारतीय मजदूर संघ का सरकार के खिलाफ प्रदर्शन
भारतीय मजदूर संघ ने सरकार जगाओ अभियान के तहत फव्वारा पार्क से जिला सचिवालय तक प्रदर्शन किया।
जागरण संवाददाता, करनाल
भारतीय मजदूर संघ ने सरकार जगाओ अभियान के तहत फव्वारा पार्क से जिला सचिवालय तक प्रदर्शन किया। यहां मांगों के बाबत ज्ञापन एसडीएम को सौंपा गया। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों की अगुवाई बीएमएस के प्रदेश संगठन मंत्री जंग बहादुर यादव ने की। भवन और सहनिर्माण कामगार संघ, हरियाणा कृषि और जनरल मजदूर यूनियन, टेक्सटाइल मजदूर संघ, ई-रिक्शा चालक संघ, इंजीनियिरिग मजदूर यूनियन व टूरिज्म कर्मचारी संघ के सदस्य प्रदर्शन में शामिल रहे। इस मौके पर जंग बहादुर यादव ने कहा कि लॉकडाउन की अवधि में मजदूरों की जो दुर्गति हुई उसे भुलाया नहीं जा सकता। सरकार ने प्रवासी मजदूरों के लिए उचित व्यवस्था नहीं की। बीएमएस की ओर से कहा गया कि सरकार स्पष्टीकरण दे कि कितने मजदूरों के लिए खाने और अपने घरों तक पहुंचने के लिए व्यवस्था की गई। मांगों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सभी स्कीमों में कार्यरत स्कीम वर्कर व कर्मचारियों को सेवा सुरक्षा प्रदान की जाए। समान काम और समान वेतन मिले। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन तथा अन्य योजनाओं में कार्यरत कर्मचारियों का सातवें वेतन आयोग का लाभ दिया जाए। अनुबंधित आधार पर लगे सभी कर्मचारियों को एकमुश्त वेतन समय पर मिले। सक्षम के युवाओं का मानदेय बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए शिकायत निवारण समिति का गठन राज्य व जिला स्तर पर किया जाए। इस अवसर पर जिला प्रधान महिद्र सिंह नरवाल, श्याम लाल, बलराज कश्यप, सतीश, श्रीकांत मिश्रा, पवन जोगी, मनफूल सिंह व यशपाल आदि मौजूद रहे।