आइएएस निशांत यादव ने निगम आयुक्त का किया पदभार ग्रहण
प्रदेश सरकार के स्थानांतरण आदेशों के बाद निशांत कुमार यादव ने सोमवार को नगर निगम के नए आयुक्त का पदभार ग्रहण कर लिया है।
जागरण संवाददाता, करनाल : प्रदेश सरकार के स्थानांतरण आदेशों के बाद निशांत कुमार यादव ने सोमवार को नगर निगम के नए आयुक्त का पदभार ग्रहण कर लिया है। वर्ष 2013 बैच के आइएएस यादव मूल रूप से राजस्थान के अलवर से हैं। भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयन के बाद उन्होंने सोनीपत में एसडीएम के पद से अपनी शुरुआत की। इसके पश्चात करनाल के एडीसी के पद पर रहे। फिर हरियाणा लोक सेवा आयोग के सचिव बने। अब करनाल नगर निगम के आयुक्त का पद संभाला है।
निशांत कुमार यादव के एडीसी रहते करनाल जिला ग्रामीण स्वच्छता रैंकिग में पूरे भारत में 7वें स्थान पर तथा उत्तरी क्षेत्र में तीसरे स्थान पर रहा था। यही नहीं ग्राम स्वराज अभियान में भी करनाल प्रदेश का अग्रणी जिला बना था। उन्होंने बताया कि बतौर आयुक्त, शहर को पोलीथिन मुक्त कर, स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखना, नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ समयबद्ध सेवाएं प्रदान करना उनकी प्राथमिकताएं रहेंगी। इसके अतिरिक्त स्वच्छ सर्वेक्षण 2020 की रैंकिग में करनाल प्रदेश के पहले पायदान पर आए, इस पर भी फोकस रहेगा।