केजरीवाल का आरोप, पहले जाट अब पंजाबियों को बांट रहे मनोहर लाल
आप सुप्रीमो व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सीएम मनोहर लाल के गृहक्षेत्र में स्कूल-अस्पताल रैली कर प्रदेश सरकार को चुनौती दी।
जेएनएन, करनाल। आप सुप्रीमो व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सीएम मनोहर लाल के गृहक्षेत्र में स्कूल-अस्पताल रैली कर प्रदेश सरकार को चुनौती दी। उन्होंने सीएम पर आरोप लगाया कि पहले उन्होंने जाटों और गैर जाटों को आपस में लड़वाया और अब पंजाबियों व गैर पंजाबियों में दरार डाल रहे हैं। केजरीवाल करनाल की पुरानी सब्जी मंडी में लोकसभास्तरीय स्कूल-अस्पताल रैली को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने भाजपा सरकार को स्कूलों और अस्पतालों के मुद्दे पर रैली करने की चुनौती देते हुए कहा कि मनोहर लाल ने उन्हें बाल पबाना में आने से इसलिए रोका कि कहीं मीडिया के माध्यम से उनकी पोल न खुल जाए। केजरीवाल ने कहा कि हरियाणा में पिछले 50 साल राज करने वाले राजनीतिक दलों के लिए इससे शर्मनाक स्थिति क्या होगी कि आज भी यहां स्कूल-अस्पताल रैली का आयोजन करके जनता को वास्तविकता दिखानी पड़ रही है।
मनोहर लाल पर जाति की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए केजरीवाल ने कहा कि जातिवाद का जहर घोला जा रहा है। हरियाणा में 36 बिरादरियों का मेल-जोल था। सब मिल-जुलकर रहते थे। मनोहर लाल हरियाणा को बांटना चाहते हैं। ये लोग देश बांटना चाहते हैं। भाजपा ने जाति और धर्म का जहर घोलकर लोगों को आपस में लड़ाया है। आम आदमी पार्टी के हरियाणा प्रभारी और दिल्ली के श्रम मंत्री गोपाल राय ने कहा कि हरियाणा के लोगों ने कांग्रेस और इनेलो की गंदी राजनीति से तंग आकर साढ़े चार साल पहले भाजपा को चुना था, लेकिन भाजपा ने दंगे करवाने के अलावा कोई काम नहीं किया।
आप आदमी पार्टी पंजाब के अध्यक्ष और संगरूर से सांसद भगवंत मान ने कहा कि भाजपा ने इस देश में नफरत की राजनीति को बढ़ावा देने और शहरों के नाम बदलने के अलावा कुछ नहीं किया। मंच संचालन पार्टी के करनाल लोकसभा क्षेत्र के अध्यक्ष बीके कौशिक ने किया। इस अवसर पर आप विधायक और करनाल लोकसभा प्रभारी दिनेश प्रताप सिंह, पवन शर्मा, शिवचरण गोयल, सुखबीर दलाल, संगठन मंत्री अनूप संधू मौजूद रहे।