अंशुमन ने शतरंज प्रतियोगिता में जीता कांस्य पदक
आर्य कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने बताया कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में 18 और 19 अक्टूबर को प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था।
जागरण संवाददाता, करनाल : कोहंड की खिलाड़ी अंशुमन ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में आयोजित इंटर जोनल शतरंज प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता। वह आर्य कॉलेज पानीपत की छात्रा है। उसके साथ ही कॉलेज के तीन और छात्रों ने भी कांस्य हासिल किया। मंगलवार को विजेता खिलाड़ियों का कॉलेज में पहुंचने पर प्रबंधन समिति की ओर से सम्मान किया गया।
आर्य कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने बताया कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में 18 और 19 अक्टूबर को प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। आर्य कॉलेज की शतरंज टीम में अंशुमन, आशा, पूजा, प्राची ने कांस्य पदक जीतकर कॉलेज व अभिभावकों का नाम रोशन किया। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी अंशुमन ने शतरंज, तीरंदाजी में बेहतरीन प्रदर्शन किया है।