विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'घुसपैठियों को चुन-चुनकर देश से बाहर निकालेंगे', करनाल में अमित शाह ने कांग्रेस पर बोला तीखा हमला

Published: Thu, 05 Nov 2026 02:23 PM (IST)

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हरियाणा में कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मोदी की तीसरी ...और पढ़ें

हरियाणा की आवाज इतनी बुलंद करो कि राहुल गांधी तक गूंज पहुंचे : अमित शाह।

हरियाणा की आवाज इतनी बुलंद करो कि राहुल गांधी तक गूंज पहुंचे : अमित शाह।

HighLights

  1. अमित शाह ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला।

  2. मोदी की तीसरी जीत, कांग्रेस की लगातार हार पर जोर दिया।

  3. सिख दंगे, बोफोर्स घोटाला और घुसपैठियों पर भी निशाना साधा।

जागरण संवाददाता, करनाल। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हरियाणा की धरती से कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने रैली में मौजूद लोगों से कहा कि हरियाणा वालों, आपकी आवाज को क्या हुआ? इतनी जोर से जय श्रीराम का नारा लगाओ कि इसकी गूंज राहुल गांधी तक पहुंचे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बने हैं, जबकि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस को लगातार तीसरी बार हार का सामना करना पड़ा है।

अमित शाह ने कहा कि 22 अक्टूबर से देशभर में मुख्यालयों पर लोकतंत्र बचाओ रैलियां की जा रही हैं। आज इस अभियान का अंतिम दिन है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर भाजपा को यह अभियान क्यों चलाना पड़ रहा है?

कांग्रेस संसद में हंगामा करती है और सदन को चलने नहीं देती। राहुल गांधी को जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा संसद से लेकर सड़क तक हर जगह कांग्रेस को जवाब देगी। संसद में चर्चा होनी चाहिए, अपमान नहीं। न्यायालय का अपमान करने वाले संविधान की बात करते हैं।

राहुल गांधी पर व्यक्तिगत टिप्पणी, कांग्रेस को घेरा

अमित शाह ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल जी, मैं आपसे कुछ पूछना चाहता हूं। क्या बेटा बाप से बड़ा हो सकता है? आपके शोर मचाने से कुछ नहीं होने वाला, क्योंकि जनता आपके साथ नहीं है। उन्होंने कहा कि जनता अब कांग्रेस के छलावे में नहीं आने वाली। उन्होंने एक नवंबर 1984 के सिख दंगों का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर हजारों लोगों की जान लेने का आरोप लगाया।

साथ ही राजीव गांधी के कार्यकाल में हुए बोफोर्स घोटाले को लेकर भी कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कांग्रेस की दस गारंटियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी ने जनता से दस गारंटियां दीं, लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भगवंत मान जी, हरियाणा से सीखिए कि सरकार कैसे चलाई जाती है।

एसआईआर पर विशेष सत्र की चुनौती

अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस चुनाव में हार का ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ती है। उन्होंने हरियाणा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि हुड्डा पांचवें राउंड में ही पीछे रह गए थे। उन्होंने राहुल गांधी को चुनौती दी कि एसआईआर पर चर्चा के लिए प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर लोकसभा का विशेष सत्र बुलाने की मांग करें। सरकार चर्चा के लिए तैयार है।

उन्होंने कहा कि मृत व्यक्ति वोट नहीं डाल सकता और दूसरे राज्यों में जा चुके लोगों तथा एक से अधिक स्थानों पर दर्ज मतदाताओं के नामों की जांच जरूरी है। उन्होंने राहुल गांधी पर घुसपैठियों को बचाने का आरोप लगाते हुए कहा कि घुसपैठियों को चुन-चुनकर देश से बाहर निकाला जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।