खेत में इस हाल में मिला दुष्कर्म का आरोपित किसान का शव, छह लोगों पर हत्या का केस
करनाल के इंद्री इलाके के डबरकी खुर्द गांव में दुष्कर्म मामले के आरोपित 50 वर्षीय किसान का खेत में अधजला शव मिला है।
जेएनएन, करनाल। इंद्री इलाके के डबरकी खुर्द गांव में दुष्कर्म मामले के आरोपित 50 वर्षीय किसान का खेत में अधजला शव मिला है। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि सुबूत मिटाने के लिए शव को गेहूं के फानों के साथ जलाने की कोशिश की गई, ताकि यह हादसा लगे। पुलिस ने सुरेंद्र के बेटे विवेक की शिकायत पर छह लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया।
थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि डबरकी खुर्द में एक किसान का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर जाकर जांच की तो परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों ने बताया कि सुरेंद्र (50) शाम के समय खेत में घूमने गया था। इसी दौरान कुछ लोगों ने सुरेंद्र को घेर लिया और गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को खेत में गेहूं के फानों के साथ जला दिया। मृतक के बड़े बेटे विवेक ने बताया कि कुछ लोगों को उसने भागते हुए देखा था। जब तक वह अन्य ग्रामीणों के साथ वहां पहुंचते, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
सुरेंद्र और उसके बेटे समेत चार पर है दुष्कर्म के आरोप
सुरेंद्र और उसके बेटे अभिमन्यु समेत परिवार के चार लोगों के खिलाफ गत 27 अप्रैल को गांव की ही एक युवती ने दुष्कर्म का केस दर्ज कराया है। इस मामले में अभिमन्यु अभी न्यायिक हिरासत में हैं। बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों में रंजिश है। वारदात के पीछे भी यहीं वजह मानी जा सकती है। एसएचओ ने बताया कि दुष्कर्म के मामले की जांच चल रही है। लड़की के बयान कराए गए हैं।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप