यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 11, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
'मैं हवलदार हूं...', हरियाणा में पुलिसकर्मी बन शख्स ने महिला से किया दुष्कर्म, अब शादी से किया इनकार
करनाल के घरौंडा में एक महिला ने एक व्यक्ति पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है जिसने खुद को पुलिसकर्मी बताया था। महिला के अनुसार फेसबुक पर दोस्ती के बाद आरोपी ने शादी का झांसा दिया और होटल में उसके साथ दुष्कर्म किया। शादी से इनकार करने पर महिला मानसिक रूप से परेशान है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

HighLights
- करनाल में महिला ने शख्स पर दुष्कर्म का आरोप लगाया
- आरोपी ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर दिया था झांसा
- पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
संवाद सहयोगी, घरौंडा (करनाल)। हरियाणा के करनाल जिले के घरौंडा थाना क्षेत्र में एक महिला ने एक व्यक्ति पर दुष्कर्म के आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि व्यक्ति ने अपने आप को पुलिस कर्मचारी बताया था और कहा था कि वह हवलदार है और कैथल रोड पर उसकी ड्यूटी है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब तीन महीने पहले उसकी फेसबुक पर पानीपत के विरेन्द्र से दोस्ती हुई। विरेन्द्र ने खुद को पुलिस महकमे में हवलदार बताया था।
आरोपित ने उसे बातों में फंसा लिया और शादी करने का झांसा दिया। वह उसकी बातों में आ गई। आरोपित ने होटल में ले जाकर उसके साथ गलत काम किया। इस बारे में जब उसके पति को पता चला तो उसने उसके साथ मारपीट कर दी।
इसके बाद उसने आरोपित को कहा कि वह उसके साथ ही रहेगी। उससे शादी कर ले। आरोपित ने उसे शादी करने से और अपने पास रखने से भी मना कर दिया। अब वह सड़क पर आ गई है।
मानसिक रूप से भी परेशान है। घरौंडा के थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया महिला ने दुष्कर्म की शिकायत दी है। एक व्यक्ति पर आरोप लगाए हैं। अभी जांच की जा रही है कि वह आरोपित पुलिस में है या नहीं।