करनाल में आतिशबाजी की चिंगारी से पराली के ढेर में लगी आग, गाय की मौत; 5 गोवंश झुलसे
दीपावली की रात निसिंग में आतिशबाजी की चिंगारी से पराली के ढेर में आग लग गई, जिससे एक दुधारू गाय ...और पढ़ें
-1794245873051_m.webp)
करनाल में झुलसे गोवंश। फोटो जागरण
HighLights
दीपावली की रात आतिशबाजी से पराली के ढेर में आग लगी।
एक दुधारू गाय की मौत, चार अन्य गोवंश गंभीर रूप से झुलसे।
किसान का तुड़ी का गोदाम जला, परिवार आर्थिक संकट में।
संवाद सहयोगी, निसिंग (करनाल)। दीपावली की रात आतिशबाजी की एक चिंगारी किसान परिवार के लिए खुशियों के पर्व को जिंदगी भर का दर्द दे गई। निसिंग के वार्ड-एक में पराली के ढेर में आग लगने से पांच गोवंश बुरी तरह झुलस गए। इनमें एक दुधारू गाय की मौत हो गई, जबकि तीन गाभिन गायों और एक बछिया को गंभीर रूप से झुलसने के कारण पीड़ा झेलनी पड़ रही है।
आग में किसान का तुड़ी का गोदाम भी जलकर राख हो गया। हादसे में पशुओं को बचाने के लिए किसान और आसपास के लोगों ने काफी प्रयास किए, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि समय रहते पशुओं को बाहर निकालना संभव नहीं हो पाया।
मेहता चौक निवासी सरदार गुरमुख सिंह बब्बर ने बताया कि दीपावली की रात करीब दस बजे तक सब कुछ सामान्य था। इसके बाद कहीं से आतिशबाजी की चिंगारी उनके पराली के ढेर पर आ गिरी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। पास ही पांच गोवंश बंधे हुए थे। आग की लपटें उठती देख उन्होंने अपने स्तर पर पशुओं को खोलकर बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भयंकर थी कि वहां तक पहुंचना मुश्किल हो गया।
आसपास के लोग भी मदद के लिए पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक गोवंश बुरी तरह झुलस चुके थे। हादसे में एक दुधारू गाय ने दम तोड़ दिया। तीन गाभिन गायों की चमड़ी बुरी तरह जल गई, जबकि एक बछिया भी आग की चपेट में आकर झुलस गई। इसके साथ ही पशुओं के चारे के लिए खरीदी गई तुड़ी का गोदाम भी जल गया।
दूध बेचकर चलता है परिवार का गुजारा
गुरमुख सिंह बब्बर ने बताया कि वह अब खेती नहीं करते और पशुपालन के सहारे ही परिवार का गुजारा चलाते हैं। दूध बेचकर होने वाली आमदनी से परिवार का खर्च चलता है। पशुओं के लिए उन्होंने तुड़ी भी खरीदकर रखी थी, लेकिन आग ने पशुओं के साथ चारे को भी नष्ट कर दिया। दीपावली की रात हुए इस हादसे ने परिवार को आर्थिक संकट में डाल दिया है। पशुओं की पीड़ा देखकर परिवार के सदस्य रातभर सो नहीं पाए।
मदद के लिए आगे आए मोहल्लेवासी
हादसे के बाद मेहता चौक के लोगों ने पीड़ित परिवार की मदद के लिए हाथ बढ़ाया। मोहल्लेवासियों ने आपसी सहयोग से एक गाय खरीदकर गुरमुख सिंह को दी, ताकि परिवार की आजीविका का सहारा बना रहे। पीड़ित किसान ने सरकार और आमजन से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।