घर जा रही विवाहिता से छेड़छाड़ व मारपीट, दो आरोपितों पर मामला दर्ज
कस्बे के एक गांव में अपने घर जा रही विवाहिता के साथ दो व्यक्तियों द्वारा छेड़खानी व मारपीट करने का मामला सामने आया है।
संवाद सहयोगी, घरौंडा: कस्बे के एक गांव में अपने घर जा रही विवाहिता के साथ दो व्यक्तियों द्वारा छेड़खानी व मारपीट करने का मामला सामने आया है। विवाहिता ने पुलिस को शिकायत दी कि बीती एक फरवरी की शाम वह अपने गांव की तरफ अकेली जा रही थी। इसी दौरान एक डेरे के पास दो व्यक्तियों ने उसका रास्ता रोका। दोनों ने शराब पी हुई थी। महिला का आरोप है कि उन दोनों ने उसके साथ छेड़खानी की और जब उसने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट भी की। किसी राहगीर ने महिला का बीच बचाव किया। इसके बाद दोनों आरोपितों ने महिला को जान से मारने तक की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। पीड़िता ने पूरा मामला अपने स्वजनों को बताया। स्वजनों ने मामले की शिकायत घरौंडा पुलिस को की। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपित सुखदेव व उसके भाई धोली के खिलाफ मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। जांच अधिकारी रीना देवी ने बताया कि कस्बे की एक विवाहिता ने छेड़छाड़, मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए दो व्यक्तियों के खिलाफ शिकायत दी है। मामले दर्ज करने के उपरांत जांच की जा रही है।